सतना: जिले के रामपुर बघेलान स्थित तहसील कार्यालय में मंगलवार को आयोजित अनुभाग स्तरीय जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने 83 आवेदकों की समस्याओं और मांगों को बेहद गंभीरतापूर्वक सुना. इस अवसर पर एसडीएम रामपुर बघेलान सुभाष मिश्रा, तहसीलदार रामपुर रमेश कोल, तहसीलदार कोटर आशुतोष मिश्रा और जनपद सीईओ सहित सभी उपखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे.
जनसुनवाई के दौरान माहौल उस वक्त गरमा गया, जब करही सगौनी क्षेत्र की लगभग 25 एकड़ सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया. शिकायत में सामने आया कि इस 25 एकड़ शासकीय भूमि पर रामपुर के चर्चित और विवादित भाजपा नेता अशोक सिंह द्वारा अवैध कब्जा किया गया है.मामले में सबसे गंभीर बात यह रही कि अदालत से स्थगन लागू होने के बावजूद इस सरकारी जमीन पर धड़ल्ले से बोनी की जा रही थी.
जैसे ही यह बात कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस के संज्ञान में आई, उनका गुस्सा फूट पड़ा. उन्होंने मामले में घोर लापरवाही बरतने पर राजस्व निरीक्षक अरुण कुमार वर्मा और करही सगौनी के पटवारी आशु शुक्ला को जमकर फटकार लगाई. अधिकारियों की क्लास लगाते हुए कलेक्टर ने सख्त लहजे में कहा कि तुम लोग सरकारी जमीन की रक्षा करने के बजाय माफिया के संरक्षक बने हुए हो. उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि शासकीय संपत्ति पर अतिक्रमण और अधिकारियों की ऐसी साठगांठ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी
