अफगानिस्तान की जगह जिम्बाब्वे खेलेगा पाकिस्तान में त्रिकोणीय श्रृंखला में

काबुल, 18 अक्टूबर (वार्ता) पाकिस्तान ने अगले महीने होने वाली त्रिकोणीय टी-20 सीरीज से अफगानिस्तान के हटने के बाद जिम्बाब्वे को इसमें शामिल किया है।

अफगानिस्तान ने देश के उर्गून जिले में सीमा पार से हुए हमले में तीन स्थानीय क्रिकेटरों की मौत के बाद अगले महीने पाकिस्तान में होने वाली त्रिकोणीय श्रृंखला से अपना नाम वापस ले लिया है।

अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में दावा किया कि इस हमले में कई जानें गई हैं, जिनमें तीन स्थानीय क्रिकेटर भी शामिल थे। ये खिलाड़ी पक्तिका प्रांत की राजधानी शाराना में एक मैत्री मैच के बाद घर लौट रहे थे। बयान में कहा गया, “एसीबी इसे अफगानिस्तान के खेल समुदाय, इसके एथलीटों और क्रिकेट परिवार के लिए एक बड़ा नुकसान मानता है। उन्होंने कहा कि ‘पीड़ितों के प्रति सम्मान दर्शाने के तौर पर’ यह फैसला किया गया है कि वे ‘आगामी त्रिकोणीय श्रृंखला से नाम वापस ले लेंगे।”

पाकिस्तान, अफगानिस्तान और श्रीलंका के बीच होने वाला यह अंतरराष्ट्रीय टी-20 टूर्नामेंट पिछले महीने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) द्वारा तय किया गया था और इसके मैच रावलपिंडी तथा लाहौर में 17 से 29 नवंबर के बीच खेले जाने थे। टूर्नामेंट में 17 और 23 नवंबर को पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच दो मैच होने थे। यह त्रिकोणीय श्रृंखला ऐसे समय में तय की गई थी जब पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच राजनयिक संबंध पहले से ही खराब हो रहे थे। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की इस घटनाक्रम पर अभी तक कोई टिप्पणी नहीं आयी है।

पीसीबी ने ईएसपीएनक्रिकइन्फो को बताया कि त्रिकोणीय श्रृंखला निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही होगी, लेकिन अफगानिस्तान की जगह कोई और टीम खेलेगी। जिम्बाब्वे की भागीदारी की घोषणा करते हुए पीसीबी ने केवल इतना कहा कि उसे पहले ही त्रिकोणीय श्रृंखला में भाग लेने में ‘अफगानिस्तान की असमर्थता’ के बारे में सूचित कर दिया गया था।

 

 

Next Post

कांग्रेस ने पांच उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की

Sat Oct 18 , 2025
पटना, 18 अक्टूबर (वार्ता) महागठबंधन के प्रमुख घटक कांग्रेस ने शनिवार को बिहार विधानसभा चुनाव के लिये पांच उम्मीदवारों की अपनी दूसरी सूची जारी की, जिसमें दो मौजूदा विधायकों के टिकट काट दिये गये हैं। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने आज पार्टी के पांच उम्मीदवारों की […]

You May Like