
टीकमगढ़। हनीट्रैप के जरिए फिरौती मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश के मऊरानीपुर निवासी 52 वर्षीय चरण सिंह पटेल को एक युवती और उसके साथियों ने बंधक बना लिया। आरोपियों ने पीड़ित का अश्लील वीडियो बनाकर परिजनों से 6 लाख रुपए की मांग की और पैसे नहीं देने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी।
पीड़ित के भतीजे की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने योजना बनाकर कार्रवाई की। भतीजे को 5 लाख रुपए लेकर बताए गए स्थान पर भेजा गया। जैसे ही युवती रकम लेने पहुंची, पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पूछताछ में एक और आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया। पीड़ित को सुरक्षित थाने लाया गया।
एसडीओपी राहुल कटरे ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और शेष आरोपियों की तलाश जारी है।
