केकेआर के खिलाफ मोहसिन खान ने बरपाया कहर, जड़ा IPL 2026 का पहला ‘पंजा’; तोड़ा 13 साल पुराना रिकॉर्ड

केकेआर के खिलाफ मोहिसन खान ने 5 विकेट लेकर इतिहास रच दिया। वह आईपीएल में बेस्ट स्पेल डालने वाले भारतीय बाएं हाथ के तेज गेंदबाज बन गए हैं।

आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स के तेज गेंदबाज मोहिसन खान ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ शानदार गेंदबाजी करते हुए मैच का रुख बदल दिया। उन्होंने अपने चार ओवर के स्पेल में 5 विकेट झटककर विपक्षी टीम की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। इसी के साथ वह इस सीजन में पांच विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज भी बन गए।

मोहिसन ने अपने पहले ही ओवर में टिम सिफर्ट को पवेलियन भेजकर शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे और रोवमैन पॉवेल को भी आउट किया। अपने स्पेल की आखिरी दो गेंदों पर उन्होंने कैमरून ग्रीन और अनुकूल रॉय के विकेट लेकर अपना पांच विकेट हॉल पूरा किया।

बाएं हाथ के पेसर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
मोहिसन खान ने अपने चार ओवर में सिर्फ 23 रन दिए और एक मेडन ओवर भी डाला। यह प्रदर्शन आईपीएल इतिहास में किसी भी भारतीय बाएं हाथ के तेज गेंदबाज का सर्वश्रेष्ठ स्पेल बन गया है। इससे पहले यह रिकॉर्ड जयदेव उनादकट के नाम था, जिन्होंने 2013 में 25 रन देकर 5 विकेट लिए थे। करीब 13 साल बाद मोहिसन ने इस रिकॉर्ड को तोड़कर नया इतिहास रच दिया।

अनकैप्ड गेंदबाजों की खास सूची में शामिल
इस शानदार प्रदर्शन के साथ मोहिसन खान आईपीएल के अनकैप्ड गेंदबाजों की बेहतरीन सूची में भी शामिल हो गए हैं। उनका यह स्पेल इस लिस्ट में चौथे स्थान पर है, जो उनकी काबिलियत को दर्शाता है।

आईपीएल में अनकैप्ड गेंदबाजों का बेस्ट प्रदर्शन
5/5 – आकाश मधवाल, मुंबई इंडियंस vs लखनऊ सुपर जायंट्स (2023)
5/14 – अंकित राजपूत, पंजाब किंग्स vs सनराइजर्स हैदराबाद (2018)
5/20 – वरुण चक्रवर्ती, केकेआर vs दिल्ली कैपिटल्स (2020)
5/23 – मोहिसन खान, लखनऊ सुपर जायंट्स vs केकेआर (2026)
5/25 – उमरान मलिक, सनराइजर्स हैदराबाद vs गुजरात टाइटंस (2022)
5/27 – हर्षल पटेल, आरसीबी vs मुंबई इंडियंस (2021)
आईपीएल करियर में उतार-चढ़ाव
मोहिसन खान ने 2022 में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए आईपीएल डेब्यू किया था और पहले ही सीजन में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 9 मैचों में 14 विकेट झटके थे। इसके बाद चोटों ने उनके करियर की रफ्तार को थोड़ी धीमी कर दिया। 2023 में वह सिर्फ 5 मैच खेल सके, जबकि 2024 में 10 मुकाबलों में नजर आए। 2025 सीजन में चोट के कारण वह खेल नहीं पाए।

आईपीएल 2026 में मोहिसन खान ने दमदार वापसी की है। अब तक खेले गए 4 मैचों में वह 9 विकेट हासिल कर चुके हैं और अपनी टीम के लिए अहम भूमिका निभा रहे हैं। केकेआर के खिलाफ उनका यह प्रदर्शन न सिर्फ यादगार रहेगा, बल्कि आने वाले मैचों के लिए भी उनका आत्मविश्वास बढ़ाने वाला साबित होगा।

Next Post

गोदाम से 90 हजार ले गए चोर

Mon Apr 27 , 2026
जबलपुर: माढ़ोताल थाना अंतर्गत शंकर नगर कटंगी रोड पर स्थित गोदाम का अज्ञात चोर ताला तोडक़र 90 हजार रूपए चुराकर ले गया ।पुलिस के मुताबिक रमेश साहू 41 वर्ष निवासी. व्हीकल स्टेट मढई मस्जिद के पास थाना रांझी ने रिपोर्ट दर्ज करायी कि आकाश नमकीन का डिस्ट्रीब्यूशन का गोदाम कटंगी […]

You May Like