
भोपाल। स्लॉटर हाउस से जुड़े गंभीर और संवेदनशील मामले को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को हबीबगंज थाना पहुंचकर विशेष जांच दल (एसआईटी) के प्रमुख से मुलाकात की। प्रदेश महासचिव अमित शर्मा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने प्रकरण से जुड़े दस्तावेज, तथ्यात्मक जानकारियां और जनभावनाओं को औपचारिक रूप से एसआईटी के समक्ष प्रस्तुत किया।
कांग्रेस नेताओं ने जांच की धीमी गति पर असंतोष जताते हुए कहा कि मामला सामने आए एक माह से अधिक समय बीत चुका है, इसके बावजूद ठोस प्रगति नजर नहीं आ रही है। उनका आरोप है कि प्रारंभिक जांच में स्लॉटर हाउस में गौ-हत्या और नियमों के खुले उल्लंघन के संकेत मिले हैं, जो कानून, संवैधानिक मूल्यों और सामाजिक मान्यताओं के खिलाफ हैं।
कांग्रेस का कहना है कि गंभीर आरोपों के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होना जिम्मेदार लोगों को बचाने का संकेत देता है। कांग्रेसियों ने प्रशासनिक जिम्मेदारी तय करने से संबंधित दस्तावेज भी एसआईटी को सौंपे।
अमित शर्मा ने कहा कि यदि जांच केवल छोटे कर्मचारियों या ठेकेदारों तक सीमित रही और प्रभावशाली पदों पर बैठे लोगों को संरक्षण मिला, तो यह न्याय के साथ अन्याय होगा। कांग्रेस ने निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच की मांग करते हुए चेतावनी दी कि देरी जारी रहने पर पार्टी सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी।
