डॉ अशोक के हेमल के नाम पर हो छतरपुर मेडिकल कॉलेज का नामकरण

छतरपुर। विश्वविख्यात यूरोलॉजिस्ट एवं पद्मश्री सम्मानित डॉ. अशोक के. हेमल के नाम पर छतरपुर मेडिकल कॉलेज अथवा उसकी किसी प्रमुख विंग का नामकरण किए जाने की मांग को लेकर स्वर्णकार समाज ने मंगलवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। समाज ने कहा कि डॉ. हेमल ने चिकित्सा क्षेत्र में अपनी उल्लेखनीय उपलब्धियों से छतरपुर और बुंदेलखंड का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।

ज्ञापन में बताया गया कि डॉ. अशोक के. हेमल का जन्म छतरपुर में हुआ था। उन्होंने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), नई दिल्ली में लंबे समय तक अपनी सेवाएं दीं और भारत में रोबोटिक यूरोलॉजी सर्जरी की शुरुआत करने वाले अग्रणी विशेषज्ञों में शामिल रहे। वर्तमान में वे अमेरिका में चिकित्सा एवं शोध कार्य से जुड़े हुए हैं और अब तक 50 से अधिक देशों के चिकित्सकों को रोबोटिक सर्जरी का प्रशिक्षण दे चुके हैं।

स्वर्णकार समाज ने अपने ज्ञापन में उल्लेख किया कि डॉ. हेमल को राष्ट्रपति पुरस्कार सहित अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। उन्होंने चिकित्सा विज्ञान पर कई महत्वपूर्ण पुस्तकें लिखी हैं, जिनका अध्ययन देश-विदेश के मेडिकल छात्र और चिकित्सक करते हैं। इसके अलावा उनके 500 से अधिक शोधपत्र अंतरराष्ट्रीय मेडिकल जर्नलों में प्रकाशित हो चुके हैं।

समाज का कहना है कि यदि छतरपुर मेडिकल कॉलेज या उसकी किसी प्रमुख विंग का नाम पद्मश्री डॉ. अशोक के. हेमल के नाम पर रखा जाता है, तो यह उनके अतुलनीय योगदान का सम्मान होगा। साथ ही यह निर्णय जिले के युवाओं और भावी चिकित्सकों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा। ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री से इस मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की गई है।

Next Post

थाने में घुसकर प्रधान आरक्षक पर हमला

Tue Jul 7 , 2026
सीधी ।जिले के सुदूर अंचल में स्थित भुईमाड़ थाना परिसर के अंदर प्रधान आरक्षक पर एक युवक द्वारा लाठी से हमला बोल दिया गया। हमले में प्रधान आरक्षक के सिर में गहरी चोंटे आने से खून से सराबोर हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही थाना में मौजूद अन्य पुलिस […]

You May Like