
सीधी ।जिले के सुदूर अंचल में स्थित भुईमाड़ थाना परिसर के अंदर प्रधान आरक्षक पर एक युवक द्वारा लाठी से हमला बोल दिया गया। हमले में प्रधान आरक्षक के सिर में गहरी चोंटे आने से खून से सराबोर हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही थाना में मौजूद अन्य पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गंभीर रूप से घायल प्रधान आरक्षक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरई पहुंचाया गया। वहां सिर में आठ टांके लगाकर प्राथमिक उपचार के पश्चात जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे थाना प्रभारी कक्ष में प्रधान आरक्षक बलवीर निखरे अन्य पुलिस कर्मियों के साथ विभागीय कार्य में व्यस्त थे। इसी दौरान थाना क्षेत्र के गैवटा निवासी ओमप्रकाश दुबे पिता बैजनाथ दुबे उम्र 22 वर्ष भुईमाड़ थाना परिसर पहुंचा और थाना प्रभारी कक्ष के बाहर लगी खिडक़ी पर लकड़ी के डंडे से ताबड़तोड़ प्रहार करते हुए गाली-गलौच करना शुरू कर दिया। शोर सुनकर प्रधान आरक्षक बलवीर निखरे बाहर आए और हंगामे का कारण पूंछा। बताया गया है कि इसी दौरान आरोपी ने अचानक डंडे से उनके पैर पर हमला कर दिया। फिर सिर पर जोरदार हमला किया। वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया। प्रधान आरक्षक का थाना परिसर में अनायास हुए इस हमले से हडक़ंप मच गया। पुलिस कर्मियों ने लहूलुहान प्रधान आरक्षक को उपचार के लिए तत्काल सरई अस्पताल पहुंचाया। आरोपी के विरुद्ध भुईमाड़ थाना में धारा 351, 115, 132, 121, 196 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया जहां से जिला जेल भेज दिया गया है। इस घटना के बाद से क्षेत्र में काफी दहशत का माहौल बना हुआ है।
कमर्जी थाना प्रभारी पर पिछले माह हुआ था हमला
जिले के कमर्जी थाना प्रभारी इंद्राज सिंह पर पिछले माह 15 जून 2026 को सिर पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला हुआ था। एक माह के अंदर ही भुईमाड़ थाना परिसर में आकर आरोपी द्वारा प्रधान आरक्षक पर लाठी से जानलेवा हमला किया गया। उक्त दोनो घटनाओं के सामने आने के बाद यह स्पष्ट हो रहा है कि अराजक तत्वों के जेहन से पुलिस का खौफ तेजी से खत्म हो रहा है। पुलिस को उक्त दोनो वारदातों के पश्चात यह विचार मंथन करने की आवश्यकता है कि आखिर पुलिस के ऊपर हमला क्यों हो रहा है।
भुईमाड़ थाना में संसाधनों को बढ़ाने की जरूरत
भुईमाड़ थाना क्षेत्र की आबादी 15 हजार से ज्यादा है। सुदूर अंचल में संचालित भुईमाड़ थाना में महज 11 पुलिस कर्मी पदस्थ हैं। जिला मुख्यालय के करीब 90 किलोमीटर दूर भुईमाड़ थाना है और निकटतम दूसरा थाना भी लगभग 35 किलोमीटर दूरी पर है। ऐसे विस्तृत क्षेत्रफल और जटिल भौगोलिक परिस्थितियों और लगातार बढ़ रही आपराधिक गतिविधियों के चलते वर्तमान पुलिस बल अपर्याप्त माना जा रहा है।
इनका कहना है
भुईमाड़ थाना परिसर में प्रधान आरक्षक के ऊपर डंडे से हमला करने वाला आरोपी मानसिक रूप से विक्षिप्त बताया जा रहा है। जिसकी गिरफ्तारी हो चुकी है। आवश्यकतानुसार मेडिकल बोर्ड से उसका मेडिकल परीक्षण भी कराया जाएगा। अरोपी के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर गिरफ्तारी के पश्चात न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। जहां से उसे जिला जेल भेज दिया गया है।
श्रीमती कमला जोशी, एएसपी सीधी
