‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत ‘मिशन 70 लाख पौधारोपण’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया शाह ने

नयी दिल्ली, 07 जुलाई (वार्ता) केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को यहां ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत मिशन 70 लाख पौधारोपण कार्यक्रम का शुभारंभ और दिल्ली सरकार के विभिन्न कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। गृह मंत्री ने नरेला में उच्च सुरक्षा वाली जेल का शिलान्यास, स्वचालित वाहन परीक्षण केंद्र का लोकार्पण, तीन नए डिपो का उद्घाटन , 300 इलेक्ट्रिक बसों का शुभारंभ किया और केन्द्रीय रिज एवं नानकपुरा रिज में वृक्षारोपण कर दिल्ली रिज के पुनर्जीवन अभियान की भी शुरुआत की। इस अवसर पर केन्द्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव, दिल्ली के उप-राज्यपाल तरणजीत सिंह संधु, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और केन्द्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

श्री शाह ने कहा कि वर्षों से दिल्ली रिज में विदेशी और जहरीले बबूल जैसे वृक्षों ने जगह बना ली थी जो पर्यावरण के अनुकूल नहीं हैं, अब इन्हें हटाकर देशी प्रजातियों के वृक्ष लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वर्ष 1994 में दिल्ली के 7,784 हेक्टेयर रिज क्षेत्र को भारतीय वन अधिनियम के तहत अधिसूचित किया गया था, लेकिन इसकी अंतिम अधिसूचना 30 वर्षों से लंबित थी। दिल्ली सरकार ने इस दिशा में सकारात्मक कदम उठाते हुए इसमें से लगभग 5,000 हेक्टेयर क्षेत्र को वन क्षेत्र घोषित कर दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार पूरी रिज को कानूनी संरक्षण दिलाकर उसकी जैव विविधता, मिट्टी, पानी और दिल्ली के पर्यावरण को नया स्वरूप देगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली के रिज में अगले तीन वर्षों में पीपल, बरगद, नीम, अर्जुन, जामुन जैसे देशी वृक्ष लगाये जायेंगे जिससे दिल्ली की हवा साफ होगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान शुरू करके देश में पर्यावरण संतुलन का अद्भुत प्रयोग आरंभ किया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपनी मां के नाम और पृथ्वी मां के लिए पेड़ लगाएं। दोहरे उद्देश्य वाला यह अभियान आगामी दिनों में भारत को आगे बढ़ाएगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान ने न केवल भारत बल्कि पूरे विश्व को यह संदेश दिया है कि पर्यावरण संतुलन की चिंता किए बिना विकास बेईमानी है। श्री शाह ने सभी दिल्लीवासियों से अपील की कि वे ग्रीन ड्राइव पोर्टल पर जाकर वृक्षारोपण के लिए अपना स्लॉट बुक करें और अपने आसपास के स्कूलों, कॉलोनियों, मंदिरों, सोसाइटियों में, – जहां भी भूमि उपलब्ध हो – वहाँ वृक्ष लगाकर हरी-भरी दिल्ली का संकल्प साकार करें। केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि केन्द्र और दिल्ली सरकार का संकल्प है कि आने वाले चार वर्षों में 6,300 हेक्टेयर हरित रिज क्षेत्र को पूर्ण रूप से वन क्षेत्र में विकसित करेंगे और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे। वन क्षेत्र में एक करोड़ से अधिक देशी पौधे, 65 लाख से अधिक बड़े वृक्षों तथा 65 लाख अन्य पौधे लगाए जाएंगे।

.....

Next Post

40,000 की रिश्वत लेते उपयंत्री को लोकायुक्त ने किया गिरफ्तार

Tue Jul 7 , 2026
जबलपुर। लोकायुक्त जबलपुर ने नगर पालिका परिषद पनागर के उपयंत्री (सब-इंजीनियर) शुभम जैन और उनके सहयोगी दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी अभिलाष रजक को 40,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। घूस 9.75 लाख के कीटनाशक टेंडर का कमीशन और एफडी रिलीज करने के एवज में मांगी गई […]

You May Like