
जबलपुर। लोकायुक्त जबलपुर ने नगर पालिका परिषद पनागर के उपयंत्री (सब-इंजीनियर) शुभम जैन और उनके सहयोगी दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी अभिलाष रजक को 40,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। घूस 9.75 लाख के कीटनाशक टेंडर का कमीशन और एफडी रिलीज करने के एवज में मांगी गई थी।
जानकारी अनुसार राजेंद्र कुमार सतनामी 39 वर्ष पेशे से ठेकेदार हैं। उन्हें वित्तीय वर्ष 2024-25 में पनागर नगर परिषद के स्वास्थ्य विभाग में कीटनाशक सामग्री सप्लाई करने का 9,75,000 का टेंडर मिला था।
ठेकेदार द्वारा कीटनाशक की सप्लाई पूरी किए जाने के बाद, उन्हें पहली किस्त के रूप में 90,000 और दूसरी किस्त के रूप में 64,066 का भुगतान किया जा चुका था। इस किए गए भुगतान के कमीशन के रूप में और कार्यालय में सुरक्षा निधि के तौर पर जमा 48,000 की फिक्स डिपॉजिट को वापस रिलीज करने के एवज में उपयंत्री शुभम जैन और अभिलाष रजक द्वारा 50,000 की रिश्वत की मांग की जा रही थी।
बिछाया जाल, कार्यालय में ही दबोचे गए आरोपी-
रिश्वत मांगे जाने से परेशान होकर ठेकेदार राजेंद्र सतनामी ने इसकी लिखित शिकायत पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त जबलपुर से की। लोकायुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शिकायत का गोपनीय सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान आरोपी 40,000 की रिश्वत राशि लेने पर राजी हो गए। योजना के मुताबिक, आज जैसे ही ठेकेदार रिश्वत की रकम लेकर नगर पालिका परिषद पनागर कार्यालय पहुंचा और उपयंत्री शुभम जैन को पैसे सौंपे, पहले से ही मुस्तैद लोकायुक्त की ट्रैप टीम ने दबिश देकर आरोपी को 40,000 की नकदी के साथ रंगे हाथों दबोच लिया। लोकायुक्त की इस अचानक कार्रवाई से नगर परिषद परिसर में हड़कंप मच गया।
