जयपुर, 16 मार्च (वार्ता) देश की प्रमुख सीमेंट कंपनी जेके लक्ष्मी सीमेंट लिमिटेड क्रिकेट लीग 2026 सीज़न के लिए राजस्थान रॉयल्स की प्रमुख प्रायोजक (प्रिंसिपल स्पॉन्सर) होगी।
कंपनी के अध्यक्ष एवं निदेशक अरुण शुक्ला ने इस संबंध घोषणा के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बताया कि इस साझेदारी के साथ ब्रांड की फिर से वापसी हो रही है और राजस्थान से जुड़ी ये दोनों संस्थाएं एक बार फिर साथ मिलकर काम करेंगी। इस साझेदारी के तहत जे के लक्ष्मी सीमेंट का लोगो राजस्थान रॉयल्स की मैच जर्सी के पीछे प्रमुख रूप से दिखायी देगा। पूरे सीज़न के दौरान यह ब्रांड टीम के गियर, स्टेडियम ब्रांडिंग और मैच डे के डिजिटल कंटेंट में भी नजर आएगा।
उन्होंने कहा कि जे के सीमेंट एक ऐसी कंपनी जो राज्य के औद्योगिक विकास में योगदान देती रही है और राजस्थान रॉयल्स एक ऐसी टीम जो देश के सबसे बड़े खेल मंचों में से एक पर राजस्थान का प्रतिनिधित्व करती है। राजस्थान रॉयल्स की यात्रा हमारी तरह ही है। राजस्थान में मजबूत जड़ें और पूरे देश में बढ़ती उपस्थिति। यह साझेदारी उन लोगों का सम्मान करने के बारे में भी है जो हर दिन मेहनत करके भारत का निर्माण करते हैं, चाहे वे किसी भी राज्य में रहते हों। हम इस साझेदारी को अपने स्टेकहोल्डर्स को टी20 की ऊर्जा और भरोसे एवं निरंतरता जैसे साझा मूल्यों के करीब लाने का माध्यम मानते हैं। छोटे शहरों के घरों से लेकर बड़े शहरों की बड़ी इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं तक।
राजस्थान रॉयल्स के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर आलोक चित्रे ने कहा, “ हमें खुशी है कि 2026 सीज़न के लिए जेके लक्ष्मी सीमेंट राजस्थान रॉयल्स का प्रिंसिपल स्पॉन्सर बना है। यह हमारे लिए गर्व की बात है कि राजस्थान का एक प्रमुख ब्रांड रॉयल्स की जर्सी के पीछे होगा। राज्य और उससे आगे मजबूत उपस्थिति के कारण जे के लक्ष्मी सीमेंट हमारे लिए एक स्वाभाविक साझेदार है। हम पूरे सीज़न के दौरान प्रशंसकों और समुदायों के साथ मिलकर काम करने के लिए उत्साहित हैं।”
जे के लक्ष्मी सीमेंट लिमिटेड के डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर श्रीवत्स सिंघानिया ने कहा, “ राजस्थान हमेशा से हमारी यात्रा का अहम हिस्सा रहा है, जिसने हमारी पहचान और विकास को आकार दिया है। राजस्थान रॉयल्स के साथ यह साझेदारी इस मजबूत रिश्ते को और गहरा बनाती है और उत्कृष्टता, बेहतर प्रदर्शन और दीर्घकालिक सहयोग जैसे साझा मूल्यों को दर्शाती है। टी20 लीग राजस्थान को राष्ट्रीय मंच देती है और हमें खुशी है कि हम ऐसी टीम के साथ खड़े हैं जो इस अद्भुत राज्य की भावना और उत्कृष्टता को दर्शाती है।”
