
गुना। आंगनवाड़ी केंद्र मातापूरा (गुना शहरी) में 13 से 17 अक्टूबर 25 तक पोषण माह के अवसर पर अंतरराष्ट्रीय बालिका सप्ताह मनाया जा रहा है। इस सप्ताह का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं के स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और सशक्तिकरण के प्रति समुदाय में जागरूकता फैलाना है। मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एचके शर्मा, संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास भोपाल उपस्थित रहे। उन्होंने महिलाओं और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को पौष्टिक आहार, संतुलित भोजन और मातृ-शिशु स्वास्थ्य के महत्व के बारे में जानकारी दी। श्री शर्मा ने कहा कि बच्चों, विशेषकर बालिकाओं का समग्र विकास पौष्टिक आहार पर निर्भर करता है और हर परिवार को इस दिशा में सजग रहना चाहिए।
कार्यक्रम में जिला पोषण अधिकारी अब्दुल गफ्फार खान, एडी दिनेश चंदेल, सीडीपीओ प्रदीप नारायण मिश्रा (गुना शहरी) और पर्यवेक्षक अरुणा पांडेय, रचना शर्मा, प्रियंका पचोरिया एवं आशा धाकड़ भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और बालिकाओं द्वारा व्यंजन प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय अनाज, दालें, हरी सब्जियां और टीएचआर से बने पौष्टिक व्यंजनों को प्रदर्शित किया गया। मुख्य अतिथि और अधिकारियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर प्रतिभागियों की सराहना की।
वोकल फॉर लोकल विषय के तहत महिलाओं को स्वदेशी उत्पादों के उपयोग, स्थानीय रोजगार सृजन और आत्मनिर्भरता के महत्व पर भी जागरूक किया गया। इसके अलावा, जन्म से तीन माह तक की बालिकाओं को बेबी किट वितरित किए गए, जिससे माताओं को नवजात की देखभाल में सहूलियत मिली। मंगल दिवस के अवसर पर सामूहिक गोद भराई कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें गर्भवती माताओं को पोषण संबंधी जानकारी और आवश्यक सामग्री प्रदान की गई। कार्यक्रम का संचालन सीडीपीओ प्रदीप नारायण मिश्रा (गुना शहरी) ने किया
