
शाजापुर, नागपंचमी का पर्व नगर सहित जिले भर में हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया. सावन मास के दौरान सोमवार के दिन पंचमी आने से भक्तों का मंदिरों में तांता लगा रहा. जिले के विभिन्न शिव मंदिरों और नाग देव के मंदिरों पर भक्त जन अल सुबह से ही दर्शन पूजन के लिए पहुंचने लगे. मंदिरों में भजन कीर्तन का भी दौर चला. पर्व को देखते हुए वन विभाग भी सतर्क रहा.
वन्य जीव सर्पों को पकडक़र उन्हें जबरन दूध पिलाकर उन्हें प्रताडि़त करने वाले सपेरों पर सोमवार को वन विभाग ने नजर रखी. इस दौरान जहां भी सपेरे सांपों को लेकर दिखाई दिए उनसे सांपों को मुक्त करवाया गया. हालांकि विभागीय अमले ने सपेरों को सख्त हिदायत देकर छोड़ दिया. वहीं सांपों का उपचार करवाकर उन्हें सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया. सांपो को पकडऩा और उन्हें नागपंचमी पर लेकर घूमना कानूनी अपराध है. लेकिन फिर भी सपेरे बड़ी संख्या में सांपो को पकडते हैं और उनके दांत निकाल देते हैं. जबकि सांप दूध नहीं पीते हैं,लेकिन सांप लेकर घूमने वालेे लोग आस्था के नाम पर इन सांपो की जान मुश्किल में डाल देते हैं और भूखा रखते हैं. जिसके कारण सांप मजबूरी में दूध तो पी लेता है, लेकिन उसके बाद उसकी मौत हो जाती है. नागपंचमी पर कई सांप बेमौत मारे जाते हैं. जिसके चलते वन विभाग द्वारा हर साल सपेरो पर नजर रखी जाती है ताकि कोई सांप लेकर न आए और उनकी जान मुश्किल में न डालें. इसे लेकर सोमवार को नागपंचमी के अवसर पर वन विभाग के अमले ने मीरकला बाजार,सोमवारिया बाजार,कसेरा बाजार,किला रोड सहित नगर के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर तलाश ली और दो कोबरा सांपों को जब्त किया. हालांकि टीम ने सपेरों को हिदायत देकर छोड़ दिया. इसके बाद जब्त किए सांपों के मेडिकल चेकअप करवा कर नेचुरल हेविटेशन प्राकृतिक आवास में छोड़ा, उज्जैन सीसीएफ के आदेश पर एसडीओ शाजापुर द्वारा निर्देशित टीम में रेंजर पीरूलाल खाटके, डिप्टी कमलेश सोनी, वन रक्षक प्रदीप मंडलोई, दुलेसिंह, रेस्क्यू एक्सपर्ट हरीश पटेल शामिल थे.
नागपंचमी पर मंदिरों में रही भीड़
शहर में सोमवार का दिन आस्था और उल्लास के नाम रहा. क्योंकि सावन माह में शिवभक्त प्रतिदिन भोलेशंकर की भक्ति मे रमें हुए है. वहीं सोमवार को नागपंचमी विभिन्न विशेष संयोग में आने से दिनभर धार्मिक आयोजनों का दौर चलता रहा. सुबह से ही शिव मंदिरों और नाग मंदिरों में भक्तों की भीड़ दर्शन पूजन के लिए पहुंची. अल सुबह से शुरू हुआ भक्ति का यह दौर रात तक भी जारी रहा. नगर सहित पूरे जिले में नागपंचमी पर्व धूमधाम से मनाया गया. भक्तों ने नाग मंदिर पहुंचकर नागदेवता का पूजन किया. शहर के नई सडक़ स्थित नागदेवता मंदिर, स्टेशन मार्ग स्थित देव महाराज के दरबार,हाट मैदान स्थित देवनारायण मंदिर, अखंड आश्रम स्थित नाग मंदिर, नाग नागनी रोड़ स्थित नाग मंदिर सहित शिव मंदिरों में महादेव और नागदेवता का पूजन किया गया. मंदिरों में भक्तों की भीड़ लगी रही. शिवलयों में भी हर हर महादेव और ओम नम: शिवाय की गूंज चलती रही. शिव मंदिर पहुंचे भक्तों ने भगवान का अभिषेक पूजन किया. मंदिरों में महिलाओं ने भी भजन किर्तन किए.
