ईश्वर करुण। पटना के पास स्थित बाँकीपुर का यह चुनाव इस मायने में बहुत ज्यादा महत्वपूर्ण हो गया है कि यहाँ से जन सुराज के संस्थापक और सुप्रीमो प्रशांत किशोर ने अपनी उम्मीदवारी का एलान किया है. 2025 के विधान सभा चुनाव में प्रशांत किशोर ने अपनी नव गठित जन सुराज पार्टी से उम्मीदवारों को तो चुनाव में खड़ा किया था, लेकिन स्वयं वह खड़े नहीं हुए थे. वे ‘किंग मेकर’ की /सुप्रीमों की भूमिका में रहना चाहते थे. लेकिन 2025 के चुनाव में जन सुराज को एक सीट भी नहीं मिल पायी. ऐसे में बाँकीपुर विधानसभा सीट के खाली होने पर उन्होंने स्वयं को आजमाने का निर्णय किया है. इस सीट पर एनडीए ने भाजपा के युवा उम्मीदवार अभिषेक कुमार उर्फ बंटी को खड़ा कर दिया है तो दूसरी ओर
तेज प्रताप यादव ने भी अपनी जनशक्ति जनता दल पार्टी से वीणा मानवी को खड़ा कर दिया है. राजद ने भी पिछले चुनाव में अपने उम्मीदवार को इस बार भी खड़ा किया है. इस तरह से यह एक रोमांचक चुनाव बन चुका है. पिछले बार इस चुनाव में भाजपा को जीत मिली थी और 98299 वोट मिले थे, 46363 वोट प्राप्त कर दूसरे स्थान पर आरजेडी की उम्मीदवार रेखा कुमारी थीं और तीसरे स्थान पर जन स्वराज के उम्मीदवार वंदना कुमारी थीं, जिन्हें मात्र 7717 मत प्राप्त हुए थे. अन्य भी उम्मीदवार थे, जिन्हें नाम मात्र के कुछ मत प्राप्त हुए थे, हाँ नोटा को 1464 वोट मिले थे. बाँकीपुर विधानसभा का सीट पिछले तीन दशक से भाजपा के खाते में है और यह बीजेपी का गढ़ माना जाता रहा है.
इस विधानसभा क्षेत्र से दो कायस्थ मुख्यमंत्री – कृष्ण बल्लभ सहाय और महामाया प्रसाद सिन्हा-बन चुके हैं, कई मंत्री बन चुके हैं और यहीं से पिछले विधानसभा चुनाव में विजय प्राप्त करने वाले भाजपा के नितिन नवीन को अचानक से भाजपा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष बना दिया है. ऐसे में यह विधानसभा सीट एनडीए के लिए भी प्रतिष्ठा का सीट बन गया है और एनडीए से भी अधिक भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के लिए भी प्रतिष्ठा का सीट बन गया है.
