सतना : विंध्य और बुंदेलखंड अंचल में गर्मी सारे रिकॉर्ड तोड़ रही है। इसी बीच गुरुवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब रीवा, सतना, पन्ना, छतरपुर, निवाड़ी और टीकमगढ़ जिलों के लाखों मोबाइल उपभोक्ताओं के फोन एक तीखी सायरन की आवाज के साथ अचानक बज उठे। स्क्रीन पर इमरजेंसी अलर्ट देखकर लोग कुछ देर के लिए सहम गए, लेकिन जल्द ही साफ हो गया कि यह मौसम विभाग द्वारा किया गया एक इमरजेंसी अलर्ट टेस्ट था।
दोपहर के समय जब लोग अपने घरों और दफ्तरों में काम कर रहे थे, तभी स्मार्टफोन पर तेज वाइब्रेशन और एक अनोखा सायरन सुनाई दिया। फोन लॉक होने के बावजूद स्क्रीन पर एक फ्लैश मैसेज दिखाई दिया, जिसमें क्षेत्र में तीव्र लू चलने की चेतावनी दी गई थी। सामान्य रिंगटोन से बिल्कुल अलग और बेहद तेज आवाज होने के कारण लोग किसी अनहोनी या तकनीकी खराबी के डर से घबरा गए। हालांकि, मैसेज के नीचे टेस्ट अलर्ट लिखा देखकर लोगों ने राहत की सांस ली।
प्रशासन और मौसम विभाग ने आगामी दिनों में आने वाले खतरे को भांपते हुए इस आधुनिक तकनीक का सहारा लिया। इसका मुख्य उद्देश्य आम जनता को सीधे और तुरंत सचेत करना था।
