हैदराबाद, (वार्ता) तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने गुरुवार को हैदराबाद और पूरे तेलंगाना राज्य में भारी बारिश के बाद पूरे प्रशासन को अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, बाढ़ के खतरे को देखते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जर्जर मकानों में रहने वाले लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का निर्देश दिया है।
जीएचएमसी, एसडीआरएफ, अग्निशमन, यातायात और पुलिस विंग के अधिकारियों को भारी बारिश के दौरान बिना किसी परेशानी के समन्वित तरीके से बचाव अभियान चलाने का आदेश दिया गया।
सिंचाई विभाग को परियोजनाओं, पुलों और नालों व धाराओं पर बने पुलियों पर बाढ़ के प्रवाह की कड़ी निगरानी रखने के भी निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने लोगों को बाढ़ग्रस्त जल निकायों के आसपास एहतियाती उपाय करने की सलाह दी है।
