
इंदौर. कनाड़िया थाना क्षेत्र के बिचौली मर्दाना में मंगलवार देर रात तेंदुए की दस्तक ने पूरे इलाके की नींद उड़ा दी थी. अधिक आबादी वाले क्षेत्र में घुसे तेंदुए ने पहले एक बाइक सवार पर झपट्टा मारा, फिर जान बचाने के लिए भागते भागते एक मकान के बाथरूम में घुस गया. कुछ देर बाद वह वहां से निकलकर श्रीजी वैली और देवगुराड़िया की पहाड़ी की ओर भाग गया. घटना के बाद पूरी रात पुलिस और वन विभाग की टीमें इलाके में डटी रहीं, लेकिन तेंदुआ पकड़ में नहीं आया.
बुधवार सुबह जब नवभारत टीम बिचौली मर्दाना पहुंची तो रात का खौफ लोगों के चेहरों पर साफ दिखाई दे रहा था. जिस गली में तेंदुआ दौड़ा था, वहां लोग उसी घटना की चर्चा कर रहे थे. जिस मकान में तेंदुआ घुसा था, वहां परिवार अब भी सहमा हुआ था. आसपास के लोग अपने अपने मोबाइल में रात के वीडियो दिखा रहे थे और बता रहे थे कि कुछ सेकंड की अफरा तफरी ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दी .
घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर वन विभाग के साथ देर रात तक सर्चिंग की. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि तेंदुए की मूवमेंट का पता लगाया जा सके. प्रारंभिक आशंका है कि लगातार बारिश के कारण तेंदुआ खुड़ैल के जंगल से निकलकर रिहायशी इलाके में पहुंच गया था .
लगातार गश्त…
फिलहाल तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए वन विभाग अलर्ट पर है. एहतियात के तौर पर पुलिस की दो गाड़ियां लगातार इलाके में गश्त कर रही हैं. वन विभाग और पुलिस ने रहवासियों से अपील की है कि रात में घरों से बाहर न निकलें और तेंदुआ दिखाई देने पर तत्काल पुलिस या वन विभाग को सूचना दें.
मुझे अचानक दिखा…
रात करीब साढ़े आठ बजे मैं घर के बाहर था. तभी सड़क पर अचानक तेंदुआ दिखाई दिया. उसी दौरान एक बाइक सवार वहां से निकला तो तेंदुए ने उस पर झपट्टा मार दिया. युवक किसी तरह बाइक छोड़कर भागा. मैं कुछ समझ पाता इससे पहले लोगों के शोर मचाने पर तेंदुआ वहां से दूसरी तरफ भाग गया.
ओम चौहान (प्रत्यक्षदर्शी)
बाथरूम में जा बैठा….
तेंदुआ हमारे घर के अंदर घुस आया था और सीधे बाथरूम में जा बैठा. हम सभी परिवार के लोग डर के मारे कमरे में बंद हो गए. बाहर निकलने की हिम्मत नहीं हुई. तुरंत पुलिस और वन विभाग को सूचना दी. कुछ देर बाद तेंदुआ बाथरूम से निकलकर भाग गया.
मुन्नीबाई पांचाल (रहवासी)
अफरा तफरी मची…
तेंदुए के आने की खबर फैलते ही पूरी कॉलोनी में अफरा तफरी मच गई थी, लोग अपने बच्चों को लेकर घरों में बंद हो गए. काफी देर तक कोई भी बाहर निकलने की हिम्मत नहीं कर रहा था. रातभर सभी लोग डर के साये में रहे और पुलिस वन विभाग की टीम का इंतजार करते रहे.
ईशु पांचाल (स्थानीय निवासी)
खुड़ैल के जंगल से आया होगा…
प्राथमिक आशंका है कि लगातार बारिश के कारण तेंदुआ खुड़ैल के जंगल से निकलकर आबादी में पहुंचा हो, वन विभाग ने पूरे इलाके को अलर्ट पर रखा है. घटना स्थल से आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं.
लाल सुधाकर सिंह , डीएफओ
देव गुराडिया की ओर गया होगा….
सूचना मिलते ही हमारी टीम मौके पर पहुंची थी. रात करीब एक बजे तक पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया था. प्राथमिक तौर पर तेंदुआ देवगुराड़िया की पहाड़ी की ओर चला गया है. फिलहाल इलाके पर लगातार नजर रखी जा रही है और सूचना मिलते ही टीम दोबारा मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाएगी.
संगीता ठाकुर (रेंजर, वन विभाग)
