
देवास। शहर के व्यस्ततम भगत सिंह मार्ग पर स्थित दीपक टेलीकॉम की दुकान में बीती रात अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। दुकान मालिक दीपक ने सुबह जब दुकान खोली, तो भीतर का नज़ारा देखकर हैरान रह गए — दुकान में रखे करीब 70 से 75 मोबाइल फोन गायब थे।
पीड़ित दुकानदार द्वारा तुरंत कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया।
चोरी गए मोबाइलों की कीमत का प्राथमिक आकलन करीब 12 से 15 लाख रुपये किया गया है। वहीं, एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेब) की टीम भी मौके पर पहुंची और फिंगरप्रिंट व अन्य साक्ष्य जुटाने का कार्य शुरू किया।
पुलिस का कहना है कि चोरी सुनियोजित लग रही है और फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपियों की पहचान की जाएगी। फिलहाल अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
