इंदौर: मल्हारगंज थाना क्षेत्र में दो महीने पहले प्रेम विवाह करने वाले 20 वर्षीय युवक ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. शुरुआती जांच में पति पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है, वहीं परिजनों ने घटना पर संदेह जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है. पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
मृतक की पहचान राजू पुत्र भागीरथ वर्मा उम्र 20 साल निवासी हुजुरगंज के रूप में हुई है, शनिवार शाम उसने अपने घर में फांसी लगा ली. सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
परिजनों ने पुलिस को बताया कि राजू ने करीब दो महीने पहले प्रेम विवाह किया था. शादी के बाद वह पत्नी के साथ परिवार से अलग रह रहा था और एक प्रिंटिंग प्रेस में काम करता था. जबकि मृतक के भाई कुणाल ने पुलिस को बताया कि पति पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था. परिवार ने कई बार दोनों को समझाने का प्रयास भी किया, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ. उन्होंने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की मांग की है. मामले में थाना प्रभारी निरज बिरथरे ने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों सहित अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
