नई दिल्ली, 01 अक्टूबर (वार्ता) मुख्यालय एकीकृत रक्षा स्टाफ (एचक्यू आईडीएस) की स्थापना के 25 साल पूरे होने पर गुरुवार को ‘ भविष्य की तैयारी के लिए एकीकरण’ विषय पर ‘त्रिशक्ति मंथन’ आयोजित किया गया जिसमें तीनों सेनाओं के बीच तालमेल, संयुक्त प्रशिक्षण और संयुक्त अभियान क्षमता बढ़ाने पर चर्चा हुई।
रक्षा मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि एचक्यू आईडीएस की स्थापना एक अक्टूबर 2001 को हुई थी और इस दिन को ‘त्रि-सेवा दिवस’ के रूप में मनाया गया। कार्यक्रम को प्रमुख रक्षा अध्यक्ष और सैन्य मामलों के विभाग के सचिव जनरल एन. एस. राजा सुब्रमणि तथा एकीकृत रक्षा स्टाफ के प्रमुख एयर मार्शल तेजिंदर सिंह ने संबोधित किया।
चर्चा में संयुक्त अभियान सिद्धांत, संयुक्त प्रशिक्षण व्यवस्था, एकीकृत सैन्य अभ्यास और मानवीय सहायता तथा आपदा राहत व्यवस्था में बेहतर तालमेल के जरिए सैन्य तैयारियों को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
रजत जयंती के अवसर पर एचक्यू आईडीएस के 25 वर्षों के विकास और उपलब्धियों पर आधारित पुस्तक और एक फिल्म जारी की गई। एकीकरण को मजबूत करने में योगदान के लिए कर्मियों को ‘सीडीएस यूनिट प्रशस्ति’ प्रदान की गई। राष्ट्रीय युद्ध स्मारक एवं संग्रहालय में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि भी दी गई।
एचक्यू आईडीएस ने साइबर, अंतरिक्ष और कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसे नए क्षेत्रों के लिए रक्षा बलों को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उसने अनुसंधान संस्थानों, शिक्षण संस्थानों और उद्योग के साथ सहयोग बढ़ाकर रक्षा क्षेत्र में स्वदेशी क्षमता विकसित करने पर भी काम किया है।
रण संवाद, संयुक्त कमांडरों का सम्मेलन और संयुक्त परिचालन समीक्षा एवं मूल्यांकन कार्यक्रम के जरिए सुरक्षा चुनौतियों पर चर्चा और थल, समुद्र, वायु, अंतरिक्ष, साइबर तथा संज्ञानात्मक क्षेत्रों में संयुक्त युद्ध क्षमता बढ़ाने के लिए संस्थागत व्यवस्था मजबूत की गई है। पिछले 25 वर्षों में एचक्यू आईडीएस तीनों सेनाओं के बीच संयुक्तता, एकीकरण और तालमेल बढ़ाने वाली प्रमुख संस्था के रूप में विकसित हुआ है।
