
इंदौर. पुलिस ने रालामंडल क्षेत्र से एक मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया है. आरोपी के कब्जे से 502 ग्राम अवैध मादक पदार्थ चरस बरामद की गई है. पुलिस ने तस्करी में उपयोग बाइक भी जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है.
सोमवार को तेजाजीनगर थाना क्षेत्र में आउटर कॉलोनी, बायपास और आसपास के इलाकों में संदिग्धों की चेकिंग की जा रही थी. इसी दौरान रालामंडल कट के आगे हनुमान कांकड़ वन मंडल गेट के सामने सर्विस रोड पर एक युवक बाइक लेकर खड़ा दिखाई दिया. पुलिस वाहन को अपनी ओर आता देख युवक बाइक घुमाकर भागने का प्रयास करने लगा. संदेह होने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया. पूछताछ में आरोपी की पहचान नफीस उर्फ बच्चवा पिता हाजी गुलाम जकरिया शेख उम्र 32 साल, निवासी 19/1 इस्लामपुरा, देवास के रूप में हुई. तलाशी के दौरान आरोपी के कंधे पर टंगे पिट्ठू बैग से 502 ग्राम चरस बरामद हुई. पुलिस ने आरोपी के पास से काले रंग की हीरो पैशन प्लस बाइक भी जब्त की है. आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी का देवास और इंदौर जिले के थानों में आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज है. उसके खिलाफ मारपीट, जुआ एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के मामले पहले से दर्ज हैं. पुलिस अब आरोपी से चरस की सप्लाई के स्रोत और उससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है. पूछताछ में उसने बताया था कि वह नशे की तलब पूरी करने के लिए देवास से चरस और गांजा लेकर आता है. इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने निगरानी बढ़ाई और रालामंडल क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए नफीस को पकड़ लिया.
आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि वह चरस कहां से लाता था और इंदौर में किन लोगों को इसकी सप्लाई करता था. मादक पदार्थ के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाकर आगे भी कार्रवाई की जाएगी.
तेजाजीनगर थाना प्रभारी, देवेन्द्र मरकाम
