संकट की घड़ी में सरकार आपके साथ : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

सतना: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को चित्रकूट पहुंचकर बाढ़ आपदा से उत्पन्न परिस्थितियों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से आरोग्यधाम चित्रकूट हेलीपैड पहुंचे।इसके बाद उन्होंने प्राचीन मुखार बिन्द के पास स्थित आश्रय स्थल पहुंचकर बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनका कुशल-क्षेम जाना। मुख्यमंत्री ने प्रभावितों को राहत सहायता का वितरण करते हुए कहा कि संकट की घड़ी में सरकार आपके साथ है। चित्रकूट में अतिवृष्टि के कारण सेमरावल एवं मंदाकिनी नदियों का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ की स्थिति बनी है। प्रशासन पूरी मुस्तैदी से राहत एवं बचाव कार्यों में जुटा है। अब तक किसी जनहानि की सूचना नहीं है। प्रभावित लोगों के लिए भोजन, पेयजल, चिकित्सा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।
कीचड़ को पार् कर पहुँचे रामफल के निवासी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने चित्रकूट के रामधाम मोहल्ले में बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों का पैदल भ्रमण किया। उन्होंने कीचड़ के बीच पैदल चलकर प्रभावितों के घरों तक पहुंचकर पानी भरने से हुए नुकसान का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने रामफल गर्ग और किस्मत कुमार गर्ग के घर पहुंचकर बाढ़ से हुए नुकसान की जानकारी ली तथा प्रभावित परिवारों से चर्चा की।
बाढ़ पीड़ित दुकानदारों से की चर्चा
इसके बाद मुख्यमंत्री ने सतना-चित्रकूट मार्ग पर सियाराम कुटीर स्थित माधव धर्मशाला के समीप अग्रहरि किराना स्टोर पहुंचकर दुकानदार कामता प्रसाद गुप्ता से मुलाकात की और दुकान में पानी भरने से हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावितों को भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में सरकार उनके साथ है और नियमानुसार हरसंभव राहत एवं सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी लेते हुए प्रभावित परिवारों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावितों की सहायता सुनिश्चित करे और राहत कार्यों में किसी प्रकार की कमी न रहे।
इनकी रही मौजूदगी
इस अवसर पर विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार, नगर परिषद अध्यक्ष सुश्री साधना पटेल, डी आर आई के संगठन सचिव अभय महाजन,जिला उपाध्यक्ष श्प्रबल श्रीवास्तव, कमिश्नर रीवा संभाग शीलेन्द्र सिंह, कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह, अपर कलेक्टर विकास सिंह, सीईओ जिला पंचायत शैलेंद्र सिंह, एसडीएम महिपाल सिंह गुर्जर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमकरण कुर्बे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Next Post

खिलचीपुर में महिला से धोखाधड़ी: शादी का वादा कर संबंध बनाए, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

Sun Aug 30 , 2026
खिलचीपुर: थाना क्षेत्र में महिला को शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का मामला सामने आया है. महिला की शिकायत पर खिलचीपुर पुलिस ने शनिवार रात जीरापुर निवासी युवक शाहरुख खान के केस दर्ज कर लिया है. पुलिस के अनुसार, महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी ने […]

You May Like