अब हर घर पहुंचेगा शुद्ध पानी: महापौर अजय मिश्रा ‘बाबा’ ने नए फिल्टर हाउस का किया लोकार्पण, शहर को मिली बड़ी सौगात

रीवा, रीवा में शहरवासियों को स्वच्छ, शुद्ध और निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में आज एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ गया। रीवा नगर पालिक निगम के महापौर अजय मिश्रा ‘बाबा’ ने नवनिर्मित इंटक वेल एवं फिल्टर हाउस यानी जल शोधन संयंत्र का विधिवत पूजा-अर्चना कर लोकार्पण किया।

इस अवसर पर महापौर ने इसे शहर के लिए एक बड़ी उपलब्धि करार देते हुए कहा कि इस संयंत्र के शुरू होने से वर्षों से चली आ रही पेयजल किल्लत और लो-प्रेशर की समस्या का स्थायी समाधान होगा।लोकार्पण के दौरान महापौर अजय मिश्रा ‘बाबा’ ने कहा कि शहर की बढ़ती आबादी के अनुसार पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को आधुनिक बनाना बेहद जरूरी था। उन्होंने इसे नगर निगम की एक बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि अब शहर के अंतिम छोर और ऊंचाई वाले इलाकों में रहने वाले परिवारों को भी पर्याप्त दबाव के साथ शुद्ध एवं फिल्टर किया हुआ पानी मिल सकेगा।

उन्होंने निर्माण कार्य से जुड़े अभियंताओं और नगर निगम की टीम की सराहना करते हुए पेयजल व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। दरअसल अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत निर्मित इस आधुनिक इंटक वेल और फिल्टर हाउस के चालू होने से शहर की कुल जल उत्पादन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

नए फिल्टर हाउस में पानी की शुद्धता की जांच और शोधन के लिए आधुनिक लैब और मशीनरी स्थापित की गई है, जिससे मानक के अनुरूप स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित होगी।

इसके अलावा इस संयंत्र को शहर के विभिन्न वार्डों में नवनिर्मित ओवरहेड पानी की टंकियों और मुख्य पाइपलाइन नेटवर्क से जोड़ा गया है, जिससे गर्मी के मौसम में होने वाले जल संकट से भी बड़ी राहत मिलेगी। लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान नगर निगम के एमआईसी सदस्य, स्थानीय पार्षदगण, नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने इस नई सौगात के लिए महापौर का आभार व्यक्त किया।

Next Post

रोहित शर्मा मुंबई इंडियंस के कप्तान नियुक्त

Fri Nov 27 , 2026
मुंबई, 27 नवंबर (वार्ता) मुंबई इंडियंस ने शुक्रवार को घोषणा की कि रोहित शर्मा 2027 IPL सीज़न में टीम के कैप्टन होंगे। जैसे ही फ्रेंचाइज़ी अपने लैंडमार्क 20वें सीज़न का जश्न मनाने की तैयारी कर रही है, उसके सबसे पसंदीदा और सफल लीडर्स में से एक ब्लू एंड गोल्ड को […]

You May Like

मनोरंजन