
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस शासन में भारत को ‘पांच सबसे कमजोर अर्थव्यवस्था’ कहा जाता था, जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होकर ब्रिक्स का चमकता सितारा बना है। श्री प्रसाद ने कहा कि आज आईएमएफ ने भारत की विकास दर पर प्रभावी टिप्पणी की है। आईएमएफ ने अपनी रिपोर्ट में भारत की 7.8 प्रतिशत की विकास दर को सही पाया है। वैश्विक झटकों, ऊर्जा संकट और युद्ध के बावजूद, जब वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला प्रभावित है। उन्होंने कहा कि आईएमएफ ने भारत की अर्थव्यवस्था के लचीलापन की तारीफ की है। सेवा क्षेत्र, विनिर्माण क्षेत्र और व्यापार में भारत जिस तरह आगे बढ़ रहा है, उसकी भी तारीफ की है।
भाजपा सांसद ने कहा कि भारत में ब्रिक्स सम्मेलन हो रहा है। रूस के राष्ट्रपति यहां आए हैं, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति पहुंच गए हैं और मिस्र के राष्ट्रपति भी पहुंच गए हैं और कल चीन के राष्ट्रपति आने वाले हैं, ईरान के राष्ट्रपति भी पहुंचे हैं यानी दुनिया के कई बड़े देशों के नेता आज दिल्ली आए हैं।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस के नेता यह सवाल उठा रहे हैं कि ब्रिक्स से क्या मिलेगा। उन्होंने कहा, ”हम किसी का नाम नहीं लेंगे, लेकिन आज भी और कल भी कांग्रेस के कुछ बड़े नेताओं ने यही बात कही है। जब कांग्रेस सत्ता में थी, तब उसने भारत का क्या हाल किया था और ब्रिक्स में भारत की क्या जगह थी। 2011, 2012 और 2013 में भारत की अर्थव्यवस्था को ‘पांच सबसे कमजोर अर्थव्यवस्था’ कहा गया था।”
उन्होंने कहा कि गोल्डमैन सैक्स जैसी प्रसिद्ध संस्था ने भी उस समय भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर चिंता जताई थी और कहा था कि भारत में निवेश कम हो रहा था। उस समय स्थिति यह थी कि कई अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों ने कहा था कि ब्रिक्स के ‘आई’ यानी ‘इंडिया’ को अब ‘इंडोनेशिया’ से रिप्लेस कर देना चाहिए। दुनिया की एक बड़ी एजेंसी स्टैंडर्ड एंड पूअर्स रेटिंग ने कहा था कि भारतीय अर्थव्यवस्था तेजी से एक जंक अर्थव्यवस्था बनती जा रही है।
श्री प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं को यह बताना जरूरी है कि जब वे सरकार में थे, तब ब्रिक्स के मामले में उन्होंने भारत की क्या स्थिति बना दी थी। उस समय दुनिया का विश्वास कम हो रहा था, मुद्रास्फीति बढ़ रही थी, पॉलिसी पैरालिसिस था, नीतियों का अभाव था और ‘फ्रैजाइल’ तथा करप्शन की स्थिति थी। उस समय इतनी लूट हो रही थी, जिसके बारे में सभी जानते हैं और कई घोटाले हुए थे। वहां से इस कश्ती को श्री मोदी की अगुवाई में भाजपा-राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार यहां ले आई है। भाजपा सांसद ने कहा कि कांग्रेसी नेता विलाप कर रहे हैं कि ‘क्या मिला? तो सच यह है कि आपने डुबाया, हमने बनाया! यह आपने डुबाया था और आज हमने बनाया, हमने चमकाया कि दुनिया का एक ब्राइट स्पॉट है।
