
भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के गौतम नगर थाना क्षेत्र में रविवार रात एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश के लिए तीन टीमें गठित की हैं।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सचिन पंथी (25) निवासी अटल अयूब नगर, गौतम नगर के रूप में हुई है। वह चौक बाजार स्थित एक क्रॉकरी दुकान में सेल्समैन के रूप में कार्यरत था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रविवार रात सचिन घर के पास स्थित एक कलारी के सामने पहुंचा था। इसी दौरान आरोपी राकेश पंथी ने उस पर चाकू से कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल सचिन को स्थानीय लोग अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए हैं तथा शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि आरोपी रिश्ते में मृतक की बुआ का पुत्र है। उनके अनुसार परिवार के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। परिजनों का आरोप है कि आरोपी परिवार की महिलाओं पर अशोभनीय टिप्पणियां करता था और मकान को लेकर भी दोनों पक्षों के बीच विवाद था। उन्होंने यह भी दावा किया कि हत्या से पहले आरोपी ने धमकियां दी थीं।
पुलिस ने बताया कि परिजनों के आरोपों के आधार पर महिला से जुड़े विवाद और संपत्ति विवाद सहित विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है। साथ ही दोनों पक्षों के कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों का भी परीक्षण किया जाएगा।
थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद घटना के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
