
जबलपुर। खितौला स्थित इंसाफ स्मॉल फाइनेंस बैंक में हुई करोड़ों रुपये के सोने और नकदी की डकैती मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने बिहार से एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से करीब 350 ग्राम सोने के जेवरात बरामद किए हैं, जिनकी कीमत लगभग 60 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद किए गए हैं। इस कार्रवाई के साथ अब तक कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर लूटे गए बाकी माल की बरामदगी और अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
