नकल और अभिलेख मिलने में नहीं होगी देरी: सागर कलेक्ट्रेट में नई मानक संचालन प्रक्रिया लागू

 

सागर। सागर जिला कलेक्ट्रेट परिसर स्थित प्रतिलिपि शाखा एवं अभिलेखागार के व्यवस्थित प्रबंधन और आम नागरिकों को समय पर अभिलेखों की नकल उपलब्ध कराने के लिए कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान अभिलेखों की नकल तैयार करने में हो रहे विलंब और प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने पूरी प्रक्रिया को सुगम, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने हेतु नई मानक संचालन प्रक्रिया के तहत कार्य करने के निर्देश दिए हैं।समीक्षा के दौरान सामने आया कि लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत प्राप्त कुल आवेदनों में से 161 आवेदन समय-सीमा से बाहर हो चुके हैं। इस पर कलेक्टर श्रीमती पाल ने नाराज़गी दिखाई और कड़े निर्देश देते हुए कहा कि पूर्व के लंबित बैकलॉग को शीघ्र निपटाया जाए और यदि किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी पाई जाती है तो संबंधित की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि रिकॉर्ड शाखा में आवेदन प्राप्त होने से लेकर नकल प्रदाय करने तक की पूरी व्यवस्था कोऑपरेशनल स्ट्रीमलाइनकिया जाए।उल्लेखनीय है कि कलेक्टर के आदेश पर इस संबंध में एक एसओपी भी बन दी गई है जिसके तहत पूरी प्रक्रिया के लिए समय-सीमा निर्धारित की गई है। इसके अनुसार लोक सेवा केंद्र से संबंधित शाखा तक आवेदन भेजने की अधिकतम समय-सीमा 24 घंटे तय की गई है। इसके बाद अभिलेखागार, संबंधित शाखा अथवा न्यायालय से अभिलेख प्राप्त कर नकल शाखा तक उपलब्ध कराने के लिए अधिकतम 3 दिन तथा अभिलेख प्राप्त होने के बाद नकल तैयार कर पुनः लोक सेवा केंद्र को उपलब्ध कराने के लिए भी अधिकतम 3 दिन की समय-सीमा निर्धारित की गई है।

 

कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने प्रधान प्रतिलिपिकार, लिपिकीय अमले, अभिलेखागार तथा सेवायोजन राइटर सहित सभी संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि इस तय समय-सीमा का कड़ाई से पालन करें। साथ ही लोक सेवा केंद्रों के प्रभारियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे आवेदकों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर ही रिकॉर्ड की प्रमाणित नकल उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को बेवजह परेशान न होना पडे।

Next Post

नीरज डांगी राज्यसभा में कांग्रेस संसदीय दल के सचेतक नियुक्त

Thu Aug 6 , 2026
नयी दिल्ली, 06 अगस्त (वार्ता)। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने राज्यसभा सदस्य नीरज डांगी को राज्यसभा में कांग्रेस संसदीय दल का सचेतक (व्हिप) नियुक्त किया है। कांग्रेस संसदीय दल ने गुरुवार को यहां एक बयान में यह जानकारी देते हुए बताया कि श्री डांगी को राज्यसभा में […]

You May Like