लंदन, 18 सितंबर (वार्ता) रूस में विपक्ष के नेता दिवंगत एलेक्सी नवलनी की पत्नी ने कहा है कि 2024 में आर्कटिक दंड कॉलोनी में जेल की सज़ा काटते समय उन्हें ज़हर देकर मार दिया गया था।
सोशल मीडिया पर साझा किये गये एक वीडियो में यूलिया नवलनया ने कहा कि दो देशों की प्रयोगशालाओं द्वारा तस्करी किये गये जैविक नमूनों के विश्लेषण से पता चला है कि उनके पति की ‘हत्या’ की गयी थी।
उन्होंने कथित तौर पर इस्तेमाल किये गये ज़हर, नमूनों या विश्लेषण के बारे में विवरण नहीं दिया, लेकिन दोनों प्रयोगशालाओं को अपने परिणाम प्रकाशित करने की चुनौती दी।
बीबीसी की एक रिपोर्ट के मुताबिक भ्रष्टाचार के विरोध में अभियान चलाने वाले और रूस के सबसे मुखर विपक्षी नेता का 16 फरवरी 2024 को 47 वर्ष की आयु में जेल में अचानक निधन हो गया था।
वर्ष 2020 में उन्हें नोविचोक नर्व एजेंट से ज़हर दिया गया था। जर्मनी में उनका इलाज चला और रूस लौटने पर उन्हें हवाई अड्डे पर गिरफ्तार कर लिया गया।
नवलनी के समर्थकों और उनके भ्रष्टाचार-विरोधी फाउंडेशन (एफबीके) के सहयोगियों ने हमेशा यह माना है कि रूसी सरकार उनकी मृत्यु में शामिल थी।
उनकी पत्नी नवलनया ने कहा कि फरवरी 2024 में उनके पति की मृत्यु के बाद, उनकी टीम उनके जैविक नमूने ‘प्राप्त करने और सुरक्षित रूप से विदेश में स्थानांतरित’ करने में सक्षम थी और विभिन्न देशों की दो प्रयोगशालाओं ने निष्कर्ष निकाला था कि उन्हें ज़हर दिया गया था।
उन्होंने प्रयोगशालाओं का स्थान नहीं बताया लेकिन यह संकेत दिया कि वह ‘राजनीतिक कारणों’ से अपने निष्कर्षों को सार्वजनिक नहीं कर रही हैं। उन्होंने कहा, “वह नहीं चाहती कि कोई असुविधाजनक सच्चाई गलत समय पर सामने आये।”

