
तेजगढ़/दमोह। थाना क्षेत्र अंतर्गत हर्रई-रिचकुडी मार्ग के जंगल में शुरूवार को अज्ञात महिला का कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई।जानकारी के अनुसार बकरियां चराने वाले एक व्यक्ति ने जंगल में कंकाल देखकर ग्राम हर्रई के लोगों को सूचना दी। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।थाना प्रभारी अरविंद सिंह के अनुसार पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो कुल्लू वाली घाटी के ऊपर जंगल में लगभग 20 से 25 दिन पुराना महिला का कंकाल पड़ा मिला। कंकाल से थोड़ी दूरी पर सैंडल पड़ी थी। महिला ने सलवार-सूट पहन रखा था और गले में गमछा लिपटा हुआ था।पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर तेंदूखेड़ा स्वास्थ्य केंद्र भिजवा दिया है, जहां शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम किया जाएगा।थाना प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि आसपास के थानों में गुमशुदगी की जानकारी भेज दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी है।
