सतना: सिविल लाइन थाना क्षेत्र की पेप्टेक सिटी कॉलोनी में रविवार को हुए सनसनीखेज फायरिंग कांड में पुलिस को सफलता मिली है। इस मामले में फरार चल रहे आरोपियों में से दो को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह घटना पुराने आर्थिक विवाद के चलते हुई थी, जिसमें गौरव सिंह उर्फ गोलू (35) को निशाना बनाया गया।
आरोपियों ने दिनदहाड़े पहले उन पर फायरिंग की, हालांकि वह बाल-बाल बच गए, लेकिन इसके बाद हमलावरों ने बंदूक की बट से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रघुराज सिंह और उसके साथी रुदन सिंह को बांधवगढ़ क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल दोनों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस को उम्मीद है कि इनके जरिए वारदात में शामिल अन्य आरोपियों, साजिश और इस्तेमाल किए गए हथियारों के संबंध में अहम जानकारी मिल सकेगी।
लोकेशन ट्रेस कर रही पुलिस
इधर, घटना में नामजद अन्य आरोपी अब भी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और तकनीकी साक्ष्यों के साथ मुखबिर तंत्र की मदद से उनकी लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है। घायल गौरव सिंह को पहले जिला अस्पताल सतना में भर्ती कराया गया था, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें रीवा रेफर किया गया। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। पुलिस ने घटना के बाद क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले, जिनसे आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी में मदद मिली। पुलिस का दावा है कि जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
