जबलपुर: घमापुर थाना अंतर्गत बल्दीकोरी की दफाई में तीन बदमाशों ने एक युवक की हत्या कर दी जिसके विरोध में आक्रोशितजनों ने थाने का घेराव कर दिया। जमकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया जिसके बाद मामला शांत हुआ। पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है जिनसे पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक बब्लू गोटिया पिता पूरन लाल गोटिया 37 वर्षीय निवासी बल्दीकोरी की दफाई का ड्राइवर है। तीन मई को क्षेत्र में बब्लू का तीन युवकों से गुटका को लेकर विवाद हुआ जिसके बाद तीनों बदमाशों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। हमले में बब्लू को सिर, हाथ, पैर, पीठ, समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आ गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए। मंगलवार को घायल बब्लू गोटिया की मौत हो गई।
जिसके बाद आक्रोश भडक़ गया और गुस्साएं परिजनों ने स्थानीय लोगों के साथ घमापुर थाने का घेराव कर दिया। परिजनों ने पुलिस पर आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। इसके साथ ही मुआवजा राशि और दोषियों पर कार्यवाही की मांग की। सूचना मिलते ही डीएसपी सुनील नेमा, थाना प्रभारी सतीश कुमार मौके पर पहुंच गए और आक्रोशित जनों को सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।
जिसके बाद शव को पीएम के लिए भेजा गया। पीएम रिपोर्ट में हत्या का खुलासा हुआ। जिसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है जिनसे पूछताछ की जा रही है। थाना प्रभारी का कहना है कि युवक के साथ मारपीट हुई थी लेकिन इसकी सूचना घायल और उसके परिजनों ने पुलिस को नहीं थी। जब घायल की घर में मौत हो गई तो इसकी सूचना दी गई जिसके बाद पुलिस ने आगे की कार्यवाही की।
