इटारसी: कुछ दिनों से पानी की किल्लत से जूझ रहे क्षेत्र के निवासियों को आखिरकार राहत मिली है। जल विभाग द्वारा पाइपलाइन को बदलने के बाद अब क्षेत्र में पर्याप्त मात्रा में पानी की आपूर्ति हो रही है, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली है।पिछले 7 दिनों से वार्ड क्रमांक 8 के कुछ क्षेत्र में पानी का दबाव कम था, और कई घरों में तो बिल्कुल भी पानी नहीं पहुँच रहा था। इससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। पार्षद ज्योति राजकुमार बाबरिया ने नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे से संपर्क कर इस समस्या का समाधान कराया।
क्यों हो रही थी परेशानी
बीते दिनों हुई भारी बारिश के कारण वार्ड 8 स्थित बंगलिया नाले पर जलभराव हो गया था और पानी के तेज बहाव से पाइप लाइन बह गई थी। वार्डवासियों को अगले दिन पानी की समस्या न हो इस वजह से नगरपालिका ने पीवीसी पाइप जोड़ लाइन चालू कर दी थी परन्तु उस पाइप लाइन में पानी का प्रेशर कम था इस वजह से कहीं पानी पहुंच रहा था, तो कहीं रुक-रुक कर आ रहा था। वार्ड पार्षद ज्योति राजकुमार बाबरिया ने नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे को समस्या बताई। उन्होंने जल विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों को तुरंत पाइप लाइन बदलने के लिए निर्देशित किया। पाइप लाइन बदलते ही पानी की स्पीड बढ़ गई और वार्डवासियों को भरपूर पानी मिलने लगा।
झूल रही पाइप लाइन को ऊपर किया
वार्ड 8 और वार्ड 6 के कुछ क्षेत्र में पीपल मोहल्ला स्थित पानी की टंकी से सुबह 7 से 8 बजे तक पानी सप्लाई किया जाता है। दोनों एरिये में जाने वाली पाइप लाइन बंगलिया पुलिया के सहारे लटकी हुई थी इस वजह से पुलिया पर बाढ़ आने पर पाइपलाइन बह जाती या क्षतिग्रस्त हो जाती थी, इस पर वार्ड पार्षद ज्योति राजकुमार बाबरिया ने नगरपालिका अधिकारियों को पाइप लाइन को पुलिया के ऊपर शिफ्ट करने को कहा, फिलहाल नपाकर्मियों ने वार्ड 8 में सप्लाई होने वाली पाइप लाइन को पुलिया के ऊपर शिफ्ट कर दिया है। साथ ही नगरपालिका अधिकारियों ने दूसरी पाइप लाइन को भी जल्द ही ऊपर शिफ्ट करने का आश्वासन दिया है। इससे अब बाढ़ में पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने की संभावना पर विराम लगेगा।
