जयपुर 09 जुलाई (वार्ता) राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य सरकार से एक बार फिर राजस्थान में छात्र संघ चुनाव कराने की मांग की है।
श्री गहलोत ने राजस्थान यूनिवर्सिटी में छात्र नेताओं ने छात्रसंघ चुनावों के लिए के लिए किए गए प्रदर्शन के मद्देनजर बुधवार को अपने बयान में यह मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि प्रदेश में छात्र संघ चुनाव कराने की मांग काफी समय से प्रदेश के युवा कर रहे हैं लेकिन वर्तमान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार उन्हें निराश कर रही है।
उन्होंने कहा “मैं समझता हूं कि चुनाव करवाने में सरकार को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। हमारे समय में विधानसभा चुनाव का वर्ष होने के कारण चुनाव स्थगित किए थे। मैं पहले भी कई बार मांग कर चुका हूं और अब पुनः दोहराना चाहता हूं कि सरकार को अविलंब छात्रसंघ चुनाव को कराने के बारे में सकारात्मक फैसला लेना चाहिए।”
उन्होंने कहा कि आज राजस्थान यूनिवर्सिटी में छात्र नेताओं ने छात्रसंघ चुनावों के लिए अनोखा प्रदर्शन किया। छात्र संघ चुनाव युवाओं के लिए राजनीति की नींव का काम करते हैं, इसमें भाग लेने से न सिर्फ राजनीतिक समझ बढ़ती है बल्कि लोकतंत्र के विभिन्न पहलुओं को समझने में मदद मिलती है और इसका व्यक्तित्व निर्माण में भी योगदान होता है।
श्री गहलोत ने कहा कि लोकतंत्र में युवाओं की भूमिका और सशक्त हो इसलिए स्व.राजीव गांधी जी ने वोटिंग की उम्र को 18 वर्ष किया था ताकि युवाओं की लोकतंत्र में भागीदारी बढ़े। यह सर्व विदित है कि मैं छात्र संघ की राजनीति में सक्रिय रहा था, देश प्रदेश के अनेक नेता चाहे किसी पॉलिटिकल पार्टी के हों उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत छात्र संघ की राजनीति से की थी।
