भोपाल। प्रदेशव्यापी “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत मध्यप्रदेश पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। जनजागरूकता अभियान के साथ-साथ पुलिस लगातार तस्करों पर शिकंजा कस रही है। पिछले तीन दिनों के दौरान विभिन्न जिलों में पुलिस ने मादक पदार्थ, वाहन, हथियार एवं अन्य सामग्री सहित 25 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त कर कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मंदसौर जिले के सीतामऊ थाना पुलिस ने बिना नंबर की स्विफ्ट कार से 193.92 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया। इस कार्रवाई में 8.87 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। वहीं भानपुरा थाना पुलिस ने दो आरोपियों के कब्जे से 170 ग्राम एमडीएमए और 4.5 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद कर करीब 1.88 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की।
उधर विदिशा कोतवाली थाना पुलिस ने दो आरोपियों के पास से लगभग 10 लाख रुपये मूल्य की 80 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की। शाजापुर के मक्सी थाना पुलिस ने भी 4.80 लाख रुपये कीमत की अवैध स्मैक जब्त कर दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया।
पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य नशीले पदार्थों की पूरी आपूर्ति श्रृंखला पर प्रभावी प्रहार करना है। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि नशे से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
