धवारी चौराहे पर सांसद कंगना रनौत के राहुल गांधी पर विवादित बयान के विरोध में महिला कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, पुतला दहन कर जताया आक्रोश

सतना: महिला कांग्रेस प्रदेश सचिव हेमा सिंह के नेतृत्व में गुरुवार को धवारी चौराहे पर सांसद कंगना रनौत के विवादित बयान के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर बयान की निंदा की तथा महिलाओं एवं बालिकाओं के सम्मान, सुरक्षा और न्याय के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेत्री उर्मिला त्रिपाठी ने कहा कि देश की बेटियों और महिलाओं के सम्मान पर आंच लाने वाली किसी भी प्रकार की टिप्पणी स्वीकार्य नहीं है। सार्वजनिक जीवन में रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति को अपने शब्दों की मर्यादा और सामाजिक जिम्मेदारी का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और न्याय की लड़ाई कांग्रेस की प्राथमिकताओं में हमेशा शामिल रही है और आगे भी पार्टी हर स्तर पर महिलाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी।

इस अवसर पर महिला कांग्रेस प्रदेश सचिव हेमा सिंह ने कहा कि महिलाओं के सम्मान और आत्मसम्मान से जुड़ा हर विषय राजनीति से ऊपर है। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं के प्रति संवेदनशीलता और सम्मान की भावना को मजबूत करना समय की आवश्यकता है। महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले किसी भी बयान का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाएगा तथा महिला कांग्रेस महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव संघर्षरत रहेगी।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर विरोध प्रदर्शन किया तथा महिलाओं एवं बालिकाओं के सम्मान और न्याय की मांग को बुलंद किया। अंत में सांसद कंगना रनौत का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया गया।

कार्यक्रम में शिवकुमारी कुशवाहा, लक्ष्मी सोनी, शकुंतला सोनी, रेशमा, शांति सेन, जगदीश सेन, आनंद पांडे, राजकुमार सोनी, जय शर्मा, अनिता साकेत, रानी चौधरी, विमला मिश्रा, विद्या पांडे, मंजू मिश्रा, रामवती कोल, सुनीता कोल, आरती कुशवाहा एवं सीमा कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं महिला कांग्रेस की पदाधिकारी उपस्थित रहीं

Next Post

एसडीएम कोर्ट के अंदर बिस्तर लगाकर धरने पर बैठा कांग्रेस नेता

Fri Jul 31 , 2026
सतना : जिले के बिरसिंहपुर तहसील कार्यालय में गुरुवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अधिकारियों की कथित गैरमौजूदगी से नाराज कांग्रेस नेता संतोष तिवारी ने न्यायालय कक्ष के भीतर ही एक अनोखा विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. वह पहले तहसीलदार की मेज पर लेट गए और फिर एसडीएम […]

You May Like