नयी दिल्ली, 01 अक्टूबर (वार्ता) राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने तमिलनाडु में एनएच-179बी के तांबरम-तिंडीवनम खंड स्थित परानूर टोल प्लाजा पर पहली बहु-पथ मुक्त-आवागमन पथकर(एमएलएफएफ) प्रणाली शुरू की है।
एमएलएफएफ प्रणाली में वाहनों को टोल प्लाजा पर रुकने की जरूरत नहीं होती। इसमें स्वचालित नंबर प्लेट पहचान और फास्टैग आधारित इलेक्ट्रॉनिक पथकर संग्रह तकनीक का इस्तेमाल किया गया है।
एनएचएआई के अनुसार, इससे टोल संग्रह में मानवीय हस्तक्षेप कम होगा तथा समय और ईंधन की बचत, यातायात जाम और वाहनों से होने वाले प्रदूषण में कमी आएगी। इससे टोल संचालन में पारदर्शिता और कार्यकुशलता भी बढ़ेगी।
प्राधिकरण का कहना है कि देश के विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्गों पर चरणबद्ध तरीके से एमएलएफएफ प्रणाली लागू की जा रही है। गुजरात के एनएच-48, दिल्ली-एनसीआर के यूईआर-2 और हरियाणा के एनएच-44 पर भी यह प्रणाली शुरू की जा चुकी है। निर्बाध यात्रा के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग उपयोगकर्ताओं को पर्याप्त राशि के साथ फास्टैग बनाए रखने की सलाह दी गई है।
