
आलीराजपुर, शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जिले के लोगों को मिल रहा है। योजनाओं के माध्यम से जहां छोटे व्यवसायियों को आर्थिक संबल मिल रहा है, वहीं किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहन एवं सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
पीएम स्वनिधि योजना का लाभ लेकर श्रीमती दीपिका माली ने फूल एवं फूल-माला विक्रय के अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाया। उन्होंने बताया कि योजना के तहत सेंट्रल बैंक से उन्हें 15 हजार रुपए का ऋण प्राप्त हुआ। इस राशि से उन्होंने फूल एवं फूल-माला खरीदकर अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाया। ऋण से मिले आर्थिक सहयोग से व्यवसाय में मजबूती आई और आय अर्जित करने में भी मदद मिली। उन्होंने बताया कि इससे वे अपने परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में भी सहयोग कर पा रही हैं। श्रीमती माली ने योजना के लिए प्रधानमंत्री एवं केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
इसी तरह ग्राम खरपाई के श्री सुनील पटेल को प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए कृषि विभाग से 1 लाख रुपए का अनुदान प्राप्त हुआ। उन्होंने इस राशि से सॉइल चार्जर गेट तैयार करवाया, जिसके माध्यम से जीवामृत एवं अन्य प्राकृतिक कृषि घोल तैयार कर खेती में उपयोग कर रहे हैं।
श्री पटेल के अनुसार प्राकृतिक कृषि घोलों के उपयोग से फसल का अच्छा परिणाम मिला है और मिट्टी की उर्वरता भी बनी हुई है। जीवामृत के उपयोग से बाहर से कीटनाशक दवाइयां खरीदने में होने वाले खर्च में भी बचत हो रही है। वे अन्य किसानों को भी प्राकृतिक खेती एवं जीवामृत के उपयोग के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
दोनों हितग्राहियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए शासन की योजनाओं से मिले सहयोग के लिए प्रधानमंत्री एवं संबंधित विभागों के प्रति आभार व्यक्त किया।
