जबलपुर: चरगवाँ थाना अंतर्गत सेमरा निवासी एक की नहर में डूबने से मौत हो गई। मृतक युवक सुबह घर से नहर में नहाने और कपड़े धोने निकला था, जिसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने रेस्क्यू शुरू किया लेकिन उसका देर शाम तक सुराग नहीं लगा अंधेरा होने से रेस्क्यू ऑपरेशन बंद कर दिया गया। आज पुन: युवक की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन चलेगा।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम सेमरा निवासी नीतेश मेहरा (28) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका बड़ा भाई सचिन मेहरा (30 वर्ष) सोमवार सुबह करीब 9 बजे मोटर साइकिल से गांव के पास बरखेड़ा स्थित नहर पर नहाने गया था। जब वह काफी देर तक घर नहीं लौटा, तो दोपहर करीब 12 बजे छोटा भाई नीतेश उसे तलाशते हुए नहर पर पहुँचा।
नहर की सीढिय़ों के पास मिले कपड़े और एटीएम
नहर की सीढिय़ों के पास मेढ़ पर सचिन के कपड़े और एटीएम कार्ड रखा हुआ मिला, वहीं पास ही उसकी मोटरसाइकिल भी खड़ी थी। आसपास तलाश करने पर जब सचिन का पता नहीं चला, तो परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से खोजबीन शुरू की। पूछताछ के दौरान रास्ते में मिले श्याम लाल भूमिया ने बताया कि जब वह नहर से नहाकर लौट रहा था, तब उसने सचिन मेहरा और कमलेश ठाकुर को वहां नहाते हुए देखा था।
गुमशुदगी दर्ज, आज चलेगा रेस्क्यू
परिजनों को आशंका है कि सचिन नहाते समय गहरे पानी में जाने के कारण नहर में डूब गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए चरगवाँ पुलिस ने गुम इंसान का प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की मदद से नहर में युवक की तलाश की कराई रही है लेकिन उसका सुराग नहीं लगा आज पुन: उसकी तलाश कराई जायेगी।
