ग्वालियर। प्रसिद्ध अचलेश्वर महादेव मंदिर में विशाल अन्नकूट महोत्सव का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में हजारों की संख्या में श्रद्धालु बाबा अचलेश्वर के दर्शन करने पहुंचे और प्रसादी ग्रहण की। मंदिर परिसर में पूरे समय भक्तिमय माहौल बना रहा। भगवान भोलेनाथ के दरबार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली।
हालांकि, इस आयोजन में प्रसाद वितरण की व्यवस्था को लेकर सवाल भी उठे। बताया गया कि रात 9 बजे ही प्रसादी वितरण का काउंटर बंद कर दिया गया, जिसके चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को बिना प्रसाद लिए लौटना पड़ा। वहीं, ट्रस्ट के कुछ पदाधिकारियों ने स्वीकार किया कि बीच में व्यवस्था बिगड़ी थी, लेकिन उनका कहना है कि रात 10 बजे के बाद पहुंचे श्रद्धालुओं को भी प्रसादी दी गई और घर ले जाने के लिए भी उपलब्ध कराई गई।
अन्नकूट महोत्सव के चलते मंदिर की ओर जाने वाले रास्तों पर भी भारी भीड़ रही। श्रद्धालुओं की आवाजाही के कारण देर रात तक ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही। धार्मिक आयोजन में उमड़ी भीड़ के बीच प्रसाद वितरण और यातायात व्यवस्था चर्चा का विषय रही।
