नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में लगातार बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) ने लोगों को जागरूक करने के लिए मास्क वितरण अभियान चलाया। मंगलवार, 17 नवंबर को संगठन के कार्यकर्ताओं ने जनपथ रोड और बाराखंभा रोड पर राहगीरों, यात्रियों, रेहड़ी-पटरी दुकानदारों और अन्य लोगों को मास्क बांटे। इस दौरान लोगों को प्रदूषित हवा के दुष्प्रभावों और उससे बचाव के लिए जरूरी सावधानियों की जानकारी भी दी गई।
NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने इस अभियान के दौरान सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि दिल्ली के नागरिक जहरीली हवा में सांस लेने को मजबूर हैं, जबकि प्रदूषण से जनता की सुरक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है। जाखड़ के मुताबिक, मास्क वितरण केवल एक छोटा प्रयास है और इससे प्रदूषण की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सकता।
संगठन ने सरकार से प्रदूषण नियंत्रण के दिशा-निर्देशों को सख्ती से लागू करने, प्रभावी एहतियाती कदम उठाने और नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। NSUI का कहना है कि दिल्ली में स्वच्छ हवा उपलब्ध कराने के लिए ठोस और दीर्घकालिक नीति की जरूरत है।
