नगर निगम के पूर्व अध्यक्ष रामदयाल प्रजापति को श्रद्धांजलि अर्पित की गयी

भोपाल, 09 फरवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज कहा कि स्वर्गीय रामदयाल प्रजापति ने एक श्रेष्ठ जनप्रतिनिधि की पहचान बनाई। उनका जीवन श्रेष्ठ कर्मों और कुशल व्यवहार से जाना गया है। उनके निधन के बाद उनके प्रति विभिन्न जनप्रतिनिधियों और नागरिकों द्वारा व्यक्त विचारों से भी यह सिद्ध होता है कि वे एक कर्मठ व्यक्तित्व के धनी थे।

डॉ. यादव रविवार को यहां हिन्दी भवन में भोपाल नगर निगम के पूर्व अध्यक्ष रामदयाल प्रजापति को श्रद्धांजलि देने के लिए आयोजित की गई सभा को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वर्ष 1994-1995 से उनका श्री प्रजापति से संबंध रहा है। उन्होंने भोपाल नगर निगम के अध्यक्ष और माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष के नाते अपने कार्य और आचरण से सभी को प्रभावित किया। उन्होंने सभी को साथ लेकर चलने में विश्वास रखा। उनके व्यक्तित्व का यह अनूठा गुण था। डॉ. यादव ने श्री प्रजापति के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि श्री प्रजापति सदैव कार्यकर्ता के भाव से सौंपे गए दायित्व पूरे करते रहे। उन्होंने श्री प्रजापति के प्रति श्रद्धासुमन भी अर्पित किए। भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने कहा कि श्री प्रजापति वरिष्ठ नेता होते हुए भी सहज व्यवहार से जाने जाते थे। उन्होंने आधुनिक युग के अनुकूल सूचना प्रौद्योगिकी माध्यमों का भी कुशलता से उपयोग किया।

श्रद्धांजलि सभा में श्री प्रजापति की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन भी रखा गया। श्री प्रजापति का एक फरवरी को यहां निधन हो गया था।

Next Post

कुंभ का महाजाम: तीर्थ राज प्रयाग से लेकर नर्मदा के तट संस्कारधानी तक फंसे वाहन, विंध्य में प्रशासन जुटा व्यवस्था में

Sun Feb 9 , 2025
जगह-जगह रोका गया मार्ग, तीर्थ यात्रियो को पहुंचाया जा रहा भोजन-पानी, हजारो वाहन में फंसे तीर्थ यात्री, कमिश्नर ने सीईओ रायपुर कर्चुलियान को किया निलंबित, कमिश्नर-कलेक्टर ने लिया जायजा नवभारत न्यूज रीवा, 9 फरवरी, तीर्थ राज प्रयाग महाकुंभ में लगातार भीड़ बढऩे से चारो तरफ जाम की स्थित बनी हुई […]

You May Like