ग्वालियर। शिंदे की छावनी स्थित पेट्रोल पंप पर मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे टैंकर से भूमिगत स्टोरेज टैंक में पेट्रोल खाली किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक स्पार्किंग हुई और पेट्रोल ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते पंप परिसर में ऊंची लपटें उठने लगीं और काले धुएं का गुबार छा गया।
आग लगते ही पेट्रोल पंप पर मौजूद ग्राहकों और आसपास के दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों ने सूझबूझ दिखाते हुए फायर सेफ्टी सिस्टम और अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। इस दौरान दो कर्मचारी झुलस गए, जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की हालत खतरे से बाहर है।
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पाकर कूलिंग की। एहतियातन कुछ देर के लिए शिंदे की छावनी रोड पर यातायात भी रोक दिया गया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आग की वजह के साथ-साथ पेट्रोल पंप पर सुरक्षा मानकों के पालन की भी जांच की जा रही है।
