इंदौर: शहर के व्यस्त नवलखा चौराहे पर शुक्रवार को ट्रैफिक पुलिस ने नशे में धुत ट्रैक्टर चालक को पकड़कर संभावित बड़े हादसे को टाल दिया. चालक के साथ बैठे दो लोग भी शराब के नशे में थे. हालत इतनी खराब थी कि चालक ठीक से बैठ भी नहीं पा रहा था और ट्रैक्टर लहराते हुए चला रहा था.पुलिस के अनुसार, अग्रसेन चौराहे की ओर से एक ट्रैक्टर अनियंत्रित तरीके से नवलखा चौराहे की ओर आता दिखा.
मौके पर तैनात एएसआई अनिल चौहान और उनकी टीम ने तुरंत स्थिति भांपते हुए वाहन को रुकवाया. ट्रैक्टर रोकने के बाद चालक को नीचे उतारा गया, लेकिन वह खुद को संभाल नहीं पाया और डिवाइडर पर जाकर लेट गया. ट्रैफिक पुलिस ने तत्काल भंवरकुआं थाने को सूचना देकर चालक और ट्रैक्टर को कार्रवाई के लिए भेज दिया. समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो व्यस्त चौराहे पर गंभीर दुर्घटना हो सकती थी.
जांच के दौरान ट्रैक्टर के आगे लगी प्लेट पर इंदौर नगर निगम पालिका कार्य हेतु, आज्ञा से जोनल अधिकारी जोन-12 लिखा मिला. फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि ट्रैक्टर नगर निगम से संबद्ध है या नहीं. यदि ऐसा पाया जाता है तो यह लापरवाही और भी गंभीर मानी जाएगी. शनिवार को इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है.
