जमशेदपुर, 01 अगस्त (वार्ता) जमशेदपुर एफसी ने कहा कि उनकी टीम 2026-27 इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के आगामी सत्र में नहीं खेलेंगी।
जमशेदपुर फुटबॉल एंड स्पोर्टिंग प्राइवेट लिमिटेड (जेएफएसपीएल) ने एक बयान में कहा, “ वे अन्य क्षमताओं में, भारत में फुटबॉल के निरंतर विकास और उन्नति के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
जेएफएसपीएल ने कहा, “हम जमीनी स्तर सहित फुटबॉल के खेल को बढ़ावा देने और विकसित करने के अपने प्रयासों को जारी रखेंगे। हम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल तक युवा खिलाड़ियों के लिए एक मजबूत मार्ग बनाने के लिए पूरे भारत में युवा फुटबॉल प्रतिभाओं की पहचान और विकास करना जारी रखेंगे।”
मीडिया रिपोर्ट में पहले बताया गया था कि जमशेदपुर एफसी ने अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ द्वारा आईएसएल में भाग लेने की पुष्टि करने और भागीदारी शुल्क की पहली किस्त का भुगतान करने के लिए दी गई 20 जुलाई की समय सीमा को पूरा नहीं किया था। अब, क्लब द्वारा आईएसएल में न खेलने की पुष्टि के साथ, भारतीय फुटबॉल में टाटा समूह की उपस्थिति जमशेदपुर स्थित टाटा फुटबॉल अकादमी तक ही सीमित रह गई है।
दरअसल, जमशेदपुर की टीम फिलहाल डूरंड कप में हिस्सा ले रही है और ग्रुप स्टेज का एक मैच खेल चुकी है, जिसमें उन्होंने श्रीलंकाई सशस्त्र बलों की टीम डिफेंडर्स एफसी को 5-0 से हराया था। यह देखना बाकी है कि जमशेदपुर डूरंड कप में अपने बाकी बचे मैच खेलेगी या नहीं, जिसका अगला मैच दो अगस्त को एससी दिल्ली के खिलाफ है।
