सतना :सांसद श्णेश सिंह ने कहा कि पीड़ित मानवता और नर-नारायण की सेवा ही मानव जीवन की सबसे बड़ी सेवा होती है। उन्होंने कहा कि सतना और मैहर जिले के सभी दिव्यांग भाई-बहनों को उनकी आवश्यकतानुरूप कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण उपलब्ध कराये जायेंगे। सतना में शुक्रवार को उत्थान सेवा फाउंडेशन द्वारा भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति जयपुर के सहयोग से बिड़ला मार्केट सतना के कम्युनिटी हाल में आयोजित चार दिवसीय दिव्यांगजनों को उपकरण वितरण शिविर के दूसरे दिन दिव्यांगजनों को सहायक उपकरणों का वितरण कर रहे थे। इस मौके पर जिलाध्यक्ष भगवती प्रसाद पाण्डेय, पूर्व अध्यक्ष विंध्य चेम्बर ऑफ कामर्स विवेक अग्रवाल, रवीन्द्र सिंह सेठी, बालेन्द्र गौतम, अवध बिहारी, सीईओ जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह, उप संचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण राजीव सिंह, के.के. शुक्ला, डॉ. अमर सिंह सहित सतना जिले के दिव्यांगजन उपस्थित रहे।
सद सतना के प्रयासों से सतना की संस्था उत्थान सेवा फाउण्डेशन द्वारा जयपुर की सामाजिक संस्था भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति के सहयोग से सतना जिले के लिए दिव्यांगजनों के हितार्थ 2 अप्रैल से 6 अप्रैल तक कम्युनिटी हाल बिरला मार्केट सतना में निःशुल्क सहायता शिविर आयोजित किया जा रहा है। जहां दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप कृत्रिम हाथ-पैर, व्हील चेयर, ट्राइसिकिल, कान की मशीन, कैलीपर्स एवं वैशाखी जैसी सहायक उपकरणों की सेवायें मुहैया कराई जा रही है।
शिविर में नगर निगम सतना सहित सोहावल, उचेहरा, नागौद, रामपुर बघेलान, मझगवां जनपद पंचायतों तथा कोठी, कोटर, चित्रकूट, जैतवारा, बिरसिंहपुर सहित सभी अन्य नगरीय निकाय के दिव्यांगजन शामिल हो रहे है। शिविर में ही दिव्यांगजनों की नाप-जोखकर आन द स्पाट जयपुर फुट भी बनाकर दिये जा रहे है। शिविर के प्रथम दिवस 206 दिव्यांगजनों ने कृत्रिम अंग, उपकरण प्राप्त करने अपने पंजीयन कराये। सांसद श्री सिंह ने शुक्रवार को शिविर में पहुंचकर दिव्यांगजनों का माल्यार्पण कर सम्मान किया तथा निःशुल्क सहायक उपकरण प्रदान किये।
सांसद श्री सिंह ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिव्यांगों की सेवा का प्रण लिया है। इसी क्रम में संसदीय क्षेत्र के सतना और मैहर जिले के दिव्यांगजनों के हितार्थ समय-समय पर शिविर लगाकर सहायक उपकरण दिये गये है। जिससे जिले के दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनने में भरपूर मदद मिल रही है। सांसद ने कहा कि हमारा प्रयास है कि सतना और मैहर जिले का कोई भी दिव्यांग व्यक्ति आवश्यक सहायक उपकरणों से वंचित नहीं रहे।
सतना और मैहर जिले में 4-4 दिवसीय दिव्यांग शिविर उत्थान सेवा फाउण्डेशन द्वारा जयपुर की महावीर सेवा समिति के सहयोग से लगाये जा रहे है। प्रयास रहेगा कि शत-प्रतिशत दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकतानुसार सहायक उपकरण उपलब्ध होंगे। शिविर से कोई भी दिव्यांगजन निराश होकर नहीं लौटे।पूर्व अध्यक्ष विंध्य चेम्बर ऑफ कामर्स विवेक अग्रवाल ने कहा कि सतना सांसद के प्रयासों से दिव्यांगों को सहायक उपकरण, मोटराइज्ड ट्राइसिकल वितरण और उन्हें सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने में पूरे देश भर में सतना जिले में अव्वल कार्य हुआ है।
