नयी दिल्ली, 03 अगस्त (वार्ता) राज्यसभा में उपनेता एवं कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने उपचुनावों के नतीजों को जनता के बदले हुए जनादेश का संकेत बताते हुए कहा कि मतदाताओं ने भाजपा को स्पष्ट संदेश दिया है।
श्री तिवारी ने कहा कि पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर जन सुराज और मध्य प्रदेश की दतिया सीट पर कांग्रेस की जीत ऐतिहासिक है। उन्होंने दावा किया कि इन परिणामों से स्पष्ट हो गया है कि जनता अब भाजपा की नीतियों से संतुष्ट नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी और जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर लाठीचार्ज तथा गोली चलाने जैसी घटनाओं का जवाब जनता ने उपचुनावों में अपने वोट से दिया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने चुनाव जीतने के लिए पूरी सरकारी मशीनरी का इस्तेमाल किया और “पानी की तरह पैसा बहाया”, लेकिन इसके बावजूद पार्टी के 50 से 55 हजार वोट कम हो गये। यह भाजपा के जनाधार में गिरावट का स्पष्ट संकेत है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों में भी भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जनता अब “असलियत जान चुकी है” और उसका रुख बदल चुका है।
