सीहोर। कलेक्टर बालागुरू के. की अध्यक्षता में आयोजित टीएल बैठक में समय सीमा वाले प्रकरणों और सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की समीक्षा की गई. जल गंगा संवर्धन अभियान की धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए ्रस्पष्ट कहा कि इन महत्वपूर्ण अभियानों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं होगी.
अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कार्य में तेजी लाकर निर्धारित समय सीमा में लक्ष्य पूर्ण करें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने अभियान को जन आंदोलन का रूप देने और गांव-गांव में जागरूकता कार्यक्रम चलाने पर जोर दिया.
कलेक्टर ने जनगणना कार्य को राष्ट्रीय महत्व का बताते हुए इसमें गति लाने के निर्देश दिए. साथ ही कॉलेज प्रवेश की समीक्षा करते हुए कहा कि 12वीं पास कोई भी विद्यार्थी उच्च शिक्षा से वंचित न रहे. इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक छात्रों का पंजीयन सुनिश्चित करने को कहा गया. राजस्व प्रकरणों की समीक्षा में सीमांकन, नामांतरण और बटवारे जैसे लंबित मामलों पर तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि आमजन से जुड़े मामलों में देरी बर्दाश्त नहीं होगी और सभी प्रकरणों का निराकरण समय-सीमा में किया जाए. इसके अलावा पांडुलिपियों के संरक्षण के लिए नागरिकों और संस्थाओं को जागरूक करने के निर्देश दिए.
