नयी दिल्ली, (वार्ता) कोच्चि शिपयार्ड लिमिटेड और डीपी वर्ल्ड की कंपनी ड्राईडॉक्स वर्ल्ड ने भारत के जहाज मरम्मत उद्योग को मजबूत करने के लिए 50-50 के अनुपात में संयुक्त उद्यम समझौता किया है।
आधिकारिक सूचना के अनुसार दोनों कंपनियों ने शुक्रवार को समझौते पर हस्ताक्षर किये, जिसके तहत कोच्चि स्थित इंटरनेशनल शिप रिपेयर फैसिलिटी (आईएसआरएफ) का संचालन और विस्तार किया जायेगा।
केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि यह साझेदारी भारत के जहाज मरम्मत क्षेत्र को मजबूत करने और कोच्चि को प्रमुख समुद्री सेवा केंद्र के रूप में विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
संयुक्त उद्यम से जहाज मरम्मत की क्षमता बढ़ाने के साथ इंजीनियरिंग, फैब्रिकेशन और अन्य संबद्ध समुद्री सेवाओं में रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
