सतना:आयकर अधिवक्ता के घर में घुसकर चोरी और लूट की घटना के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. जिसमें से गिरोह का एक सदस्य नाबालिग बताया गया. आरोपियों के कब्जे से सोने-चंादी के आभूषण और डेढ़ हजार की नकदी बरामद कर ली गई है.नगर पुलिस अधीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह ने प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर की बांधवगढ़ कालोनी आईटीआई कालेज के पीछे रहने वाले पेशे से आयकर अधिवक्ता सुमित कुमार बाल्मीक उम्र 35 वर्ष द्वारा कोलगवां थाने में शिकायत की गई थी.
सुमित द्वारा पुलिस को बताया गया कि 29 नवंबर की शाम लगभग साढ़े 5 बजे वे ताला बंद कर वैवाहिक आयोजन में सम्मिलित होने के लिए पन्ना चले गए थे. रात के लगभग साढ़े 9 बजे उनके पड़ोसी ने फोन कर बताया कि उनका गेट खुला हुआ है और 2 लडक़े घर के अंदर हैं. यह सुनते ही सुमित ने अपने भाई अनुज को फोन कर घटना के बारे में बताया.
यह जानकारी मिलने पर जब अनुज वहां पहुंचे तो घर के अंदर से 2 लडक़े निकले. दोनों लडक़े दुस्साहसिक तरीके से अनुज से भिड़ गए और उनकी जेब में रखा पर्स छीन लिया और भाग निकले. जिसके बाद घर के अंदर पहुंचने पर अनुज ने पाया कि आलमारी का ताला तोडक़र उसमें रखे सोने-चंादी के आभूषण नदारद थे. शिकायत मिलने पर पुलिस ने धारा 331 305 बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर पड़ताल शुरु की.
संदेहियों ने उगले राज
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने 4 संदेहियों को दबोच लिया और उनसे पूछताछ शुरु की. पूछताछ किए जाने पर आरोपियों ने चोरी-लूट की घटना स्वीकार कर लिया. इसी कड़ी में एक नाबालिग को भी गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राम वंशकार पिता मनोज उम्र 23 वर्ष निवासी आईटीआई बसोर बस्ती, समीर वंशकर पिता स्व. मिलन उम्र 19 वर्ष, धीरज वंशकार पिता शिवपाल उम्र 23 वर्ष, विजय वंशकार पिता पुजेरी उम्र 19 वर्ष और एक नाबालिग सभी निवासी नारायण तालाब के पास के तौर पर हुई.
