विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, कलेक्टर ने दिए सख्त दिशा-निर्देश

सीधी। कलेक्टर विकास मिश्रा ने रविवार को जनपद पंचायत सीधी अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों का सघन भ्रमण कर विकास कार्यों एवं शासकीय योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गुणवत्ता, समय-सीमा और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया, वहीं लापरवाही पर सख्त नाराजगी भी व्यक्त की।

ग्राम पंचायत पनवार बघेलान में नारायण सिंह के खेत तालाब का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने मत्स्य विभाग की मदद से वैज्ञानिक पद्धति से मछली पालन करने की सलाह दी। साथ ही कृषि विभाग के सहयोग से तालाब की मेढ़ की साफ-सफाई, अरहर की फसल लगाने तथा पशु चिकित्सा विभाग के माध्यम से ऋण स्वीकृत कराकर दुधारू पशु क्रय करने के लिए हितग्राही को प्रेरित किया, ताकि उनकी आय में वृद्धि हो सके। ग्राम पंचायत पनवार चौहान टोला में निर्मित चेक डैम का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ के अंतर्गत साफ-सफाई बनाए रखने एवं नियमित अनुरक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जिससे जल संरक्षण के प्रयासों का बेहतर परिणाम मिल सके।

निरीक्षण के दौरान सीईओ जनपद पंचायत चंदूलाल पनिका, सहा.यंत्री रामाश्रय पटेल, राजस्व निरीक्षक महेश कुमार शुक्ला एवं उपयंत्री पूजा सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

स्वास्थ्य केन्द्र में अनुपस्थिति पर जताई नाराजगी

सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सेमरिया के निरीक्षण के दौरान चिकित्सकों एवं स्टाफ की अनुपस्थिति पर कलेक्टर ने गहरी अप्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर सख्त नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था में तत्काल सुधार लाने, नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने एवं मरीजों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

पंचायत भवन के उत्कृष्ट निर्माण पर सराहना

ग्राम पंचायत झगरहा में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन आवास का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने हितग्राही को निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माणाधीन सामुदायिक भवन का निरीक्षण कर सरपंच श्रीमती निशा पाण्डेय को स्वयं पहल कर गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित कराने तथा तकनीकी अमले को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत झगरहा में नवनिर्मित पंचायत भवन का निरीक्षण कर कलेक्टर ने गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य के लिए सरपंच की सराहना की और इसे अन्य पंचायतों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

Next Post

प्रधानमंत्री मोदी ने कानून-व्यवस्था को लेकर तृणमूल पर साधा निशाना

Sun Apr 26 , 2026
हरिपाल, 26 अप्रैल (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सरकार के खिलाफ आक्रामक रूख अपनाते हुए कहा है कि राज्य में कानून-व्यवस्था की तेजी से बिगड़ती स्थिति को देखते हुए अदालतों को बार-बार दखल देना पड़ रहा है। श्री मोदी 29 अप्रैल को होने वाले […]

You May Like