सीहोर। सावन मास के तीसरे सोमवार के पावन अवसर पर भगवान सिद्धेश्वर महादेव की भव्य एवं दिव्य पालकी यात्रा श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के बीच निकाली गई.
श्री सिद्धेश्वर महादेव समिति के तत्वावधान में आयोजित इस यात्रा का शुभारंभ दोपहर 2 बजे कोतवाली चौराहे स्थित श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर से हुआ. बाबा की पालकी नगर भ्रमण पर निकली तो पूरा शहर शिवमय हो उठा और हर ओर हर-हर महादेव, बम-बम भोले के जयघोष गूंजने लगे. पालकी यात्रा से पूर्व मंदिर परिसर में भगवान सिद्धेश्वर महादेव का आकर्षक श्रृंगार किया गया. फूलों और पूजन सामग्री से सजे बाबा के दिव्य स्वरूप को देखने बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे. विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं आरती के बाद भगवान सिद्धेश्वर महादेव को पालकी में विराजमान कर यात्रा प्रारंभ की गई. पालकी में विराजमान बाबा बर्फानी का मनमोहक स्वरूप श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा. मार्ग में जगह-जगह नागरिकों ने घरों और प्रतिष्ठानों के सामने पालकी का स्वागत किया. श्रद्धालुओं ने पुष्प अर्पित किए, आरती उतारी और बाबा के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया. कई स्थानों पर पुष्पवर्षा के साथ श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था भी की गई. यात्रा में महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की. बड़ी संख्या में मातृशक्ति की मौजूदगी ने आयोजन की भव्यता बढ़ा दी. भगवा ध्वजों और शिवभक्ति के जयघोष के बीच नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरती पालकी यात्रा श्रद्धा का संदेश देती नजर आई. जगह जगह अनेक संगठनों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने पालकी का आत्मीय स्वागत किया. पालकी यात्रा नगर भ्रमण करते हुए मनकामेश्वर मंदिर पहुंची, जहां भगवान मनकामेश्वर महादेव की विधि-विधान से आरती की गई। इसके बाद पालकी पुन: कोतवाली चौराहा स्थित सिद्धेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। यहां बाबा की आरती के पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया और पालकी यात्रा का विधिवत समापन हुआ.
